सिरसा में सीएम मनोहर लाल का जनता दरबार, देरी से पहुंचे वन विभाग अधिकारी को लगाई लताड़, एक महीने की फोर्स लीव पर भेजा
जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने यहां जन समस्याएं सुननी शुरू की है। यह कार्यक्रम करीब तीन घंटों तक चलेगा। कार्यक्रम में जिलेभर से करीब 2 ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, सिरसा : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार सुबह चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय स्थित ओडिटोरियम हाल में पहुंचे। उनके साथ सांसद सुनीता दुग्गल, विधायक गोपाल कांड़ा भी मौजूद रहे। जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने यहां जन समस्याएं सुननी शुरू की है। यह कार्यक्रम करीब तीन घंटों तक चलेगा। कार्यक्रम में जिलेभर से करीब 200 लोगों की शिकायतें रखी जाएंगी।
शिकायतों के समाधान के लिए सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सिरसा में आयोजित मुख्यमंत्री के जनता दरबार में अधिकारियों पर गाज भी गिर सकती है। बड़ी संख्या में शिकायतें पुलिस विभाग व नशे को लेकर है। जनता दरबार में देरी से पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारी को फटकार लगाई और कहा कि इन 1 महीने के लिए छुट्टी पर भेज दो।
गांव खारिया के पटवारी महेंद्र सिंह को सस्पेंड करने के आदेश दिये। उसके खिलाफ शिकायत थी कि उसने शिकायतकर्ता की जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई। खुले दरबार में नौ एकड़ जमीन होने के बावजूद पेंशन मांगने आई महिला की शिकायत सुनी। महिला ने बताया कि उसके तीन लड़कियां है। मुख्यमंत्री ने नियम विरूद्ध पेंशन देने से इंकार कर दिया लेकिन एक लाख उसकी बेटियों के नाम देने की घोषण की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 गज के प्लांट उन्हीं गांवों में मिल पाएंगे जहां पंचायत के पास जमीन है।इसके लिए पहले से सर्वे में जो प्रतीक्षा सूची में हैं, उन पर ही विचार किया जाएगा।
---उधर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन करने की तैयारियां कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। नगर परिषद के पुराने भवन के समीप आप कार्यकर्ता इकट्ठे हुए थे जहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। विरोध करने वाले आप नेताओं में पार्टी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, कुलदीप गदराना सहित अन्य शामिल रहे।
एक एक कर सुन रहे हैं शिकायतें
सिरसा जिले में पहली बार आयोजित हुए जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र की समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिला है। जिला प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई है। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के ओडिटोरियम हाल में शिकायत देने वालों को बैठाया गया है जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सांसद सुनीता दुग्गल, विधायक गोपाल कांडा व अधिकारीगण सेमीनार हाल में हैं। यहां शिकायतकर्ताओं को एक एक कर सीएम के सामने भेजा जाएगा ताकि सीएम उनकी बातों को गौर से सुन सके और उन पर एक्शन ले सके।
दिनभर व्यस्त रहेंगे सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार देर शाम को सिरसा पहुंच गए थे। रात को पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस में विश्राम किया। इसके बाद अब रविवार सुबह चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के ओडिटोरियम हाल में जन समस्याएं सुन रहे हैं। शाम तीन बजे सीएम भगवान परशुराम चौक के समीप स्थित अरोड़वंश भवन का शिलान्यास करेंगे। वे शहर में अनेक जगह जलपान कार्यक्रमों में भी पहुंचेंगे। इससे बाद पंचायत भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री गांव चोरमार में झींगा मछली पालन के प्रोजेक्ट को देखेंगे और वहां किसानों से रूबरू होंगे। इसके बाद वे वहां से हेलीकाप्टर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।