हिसार के डियर पार्क में काला हिरण, चीतल, चिंकारा सहित कई प्रजातियां, 17 शावकों का हुआ जन्म; 184 हुई संख्या
हिसार के डियर पार्क में हिरणों की चार प्रजातियों में 17 नए शावकों का जन्म हुआ है, जिससे कुल संख्या ...और पढ़ें

डियर पार्क में विचरण करते हिरण। जागरण
HighLights
डियर पार्क में 17 नए हिरण शावकों का जन्म हुआ
हिरणों की कुल संख्या बढ़कर अब 184 हो गई है
काला हिरण, चीतल, चिंकारा, सांभर प्रजातियां मौजूद हैं
जागरण संवाददाता, हिसार। वन्य प्राणी विभाग के डियर पार्क में हिरणों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। यहां मौजूद हिरणों की चार प्रजातियों में 17 नए शावक शामिल हुए हैं।
इसके बाद पार्क में हिरणों की कुल संख्या बढ़कर 184 हो गई है। यहां काला हिरण, चीतल, चिंकारा और सांभर प्रजाति के हिरण हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या काले हिरणों की है। इनकी संख्या 91 हो गई है, जबकि चीतल के 68, सांभर के 18 और चिंकारा के सात हिरण पार्क में मौजूद हैं।
वन्य प्राणी विभाग के अनुसार काला हिरण प्रजाति में पहले 30 नर, 49 मादा और चार बच्चे थे। इस प्रजाति में चार नर और चार मादा शावक पैदा हुए हैं। इससे इनकी संख्या 83 से बढ़कर 91 हो गई है। चीतल प्रजाति में पहले 28 नर, 34 मादा और तीन बच्चे थे। अब तीन नए शावक पैदा होने के बाद इनकी संख्या 68 हो गई है।
चिंकारा प्रजाति में पहले दो नर, दो मादा और एक बच्चा था। दो नए शावक बढ़ने से इनकी संख्या सात हो गई है। वहीं सांभर प्रजाति में पहले छह नर, छह मादा और दो बच्चे थे। इसमें दो नर और दो मादा शावक पैदा हुए हैं। इससे इनकी संख्या 18 हो गई है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में चल रहा था विदेशी नागरिकों को ठगने का 'इंटरनेशनल खेल', पुलिस ने अचानक मारा छापा; 17 गिरफ्तार
चारों प्रजातियों की अपनी अलग पहचान
डियर पार्क में मौजूद चारों प्रजातियों की अपनी अलग विशेषताएं हैं। काला हिरण अपनी तेज दौड़ने की क्षमता और नर के लंबे, घुमावदार सींगों के लिए जाना जाता है।
इसके नर का रंग गहरा भूरा या काला होता है, जबकि मादा का रंग हल्का भूरा होता है। चीतल को उसके शरीर पर बने सफेद धब्बों के कारण आसानी से पहचाना जा सकता है। इसके नर के सिर पर तीन शाखाओं वाले आकर्षक सींग होते हैं।
चिंकारा को भारतीय गजेल भी कहा जाता है। यह कम पानी में भी लंबे समय तक रह सकता है और शुष्क क्षेत्रों के वातावरण के अनुकूल होता है। वहीं सांभर भारत में पाए जाने वाले हिरणों की सबसे बड़ी प्रजातियों में शामिल है।
इसका शरीर मजबूत और गर्दन पर घने बाल होते हैं। सांभर आमतौर पर जंगलों और घनी वनस्पति वाले क्षेत्रों में रहना पसंद करता है। चारों प्रजातियों के शावकों के जन्म से डियर पार्क में वन्यजीवों की संख्या बढ़ी है। नए शावकों के आने से पार्क में हिरणों का कुनबा और समृद्ध हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।