पंचकूला में ITBP इंस्पेक्टर से 15.64 लाख की ठगी, शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा दे जाल में फंसाया
पंचकूला में एक आईटीबीपी इंस्पेक्टर को शेयर ट्रेडिंग में बड़े मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने 15.64 लाख रुपये ...और पढ़ें

साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफे का लालच देकर आईटीबीपी से ठगी की। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
आईटीबीपी इंस्पेक्टर से 15.64 लाख रुपये की ठगी।
शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया।
साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफे का लालच देकर भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के इंस्पेक्टर से 15.64 लाख रुपये की ठगी कर ली। चंडीगढ़ के सेक्टर-30बी निवासी पूरन चंद (59) की शिकायत पर पंचकूला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में पूरन चंद ने बताया कि वह आईटीबीपी भानू में तैनात हैं। 15 जुलाई 2026 को वह अपने कार्यालय में मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान फेसबुक पर अपस्टाक्स सिक्योरिटी लिमिटेड की शेयर ट्रेडिंग से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया।
विज्ञापन में मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में रवि कुमार नाम का व्यक्ति लोगों को निवेश के लिए गाइड कर रहाथा।
इसके बाद रिया कपूर नाम की महिला ने उनसे संपर्क कर खुद को शेयर ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया। महिला ने लिंक भेजकर एक एप डाउनलोड करवाई। एप में शेयर ट्रेडिंग और निवेश से संबंधित जानकारी के साथ मुनाफा भी दिखाया जाने लगा।
शुरुआत में 27 अगस्त को 50 हजार और तीन लाख रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में कई बैंक खातों में करीब 15,64,527 रुपये ट्रांसफर करवाए गए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की बात कही तो ठगों ने मुनाफे पर कमीशन और इनकम टैक्स के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा।
इसके बाद सिक्योरिटी जमा करवाने के नाम पर तीन लाख रुपये और मांग लिए। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने एक नवंबर को साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।