हरियाणा में अंतिम संस्कार के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा, श्मशान से शव उठाकर अस्पताल ले गई पुलिस; फिर जो हुआ...
हिसार में पुलिस की लापरवाही सामने आई। मृतक सुंदर श्याम के परिजनों ने दो बार सूचना दी पर पुलिस नहीं पहुंची। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट ले गए जहां पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस पर शव की बेकद्री करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

जागरण संवाददाता, हिसार। सेवा, सुरक्षा और सहयोग यह पुलिस का नारा है, लेकिन शनिवार को पुलिस का अलग ही चेहरा दिखाई दिया। मृतक के स्वजन की तरफ से दो बार फोन करने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस घर नहीं पहुंची। ऐसे में शनिवार को स्वजन सेक्टर-13 के रहने वाले और सेवानिवृत्त कर्मचारी सुंदर श्याम (73) के शव को लेकर सेक्टर 16-17 के श्मशान लेकर पहुंचे। वहां पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी।
इसी दौरान सिविल लाइन थाना से पुलिस की दो गाड़ी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंची। वहां पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद स्वजन को सौंप दिया। मृतक के स्वजनों का कहना है कि पुलिस की वजह से शव की बेकद्री हुई। सेक्टर 13 के रहने वाले संजय ने बताया कि उनके पिता सुंदर श्याम नहर विभाग से सेवानिवृत्त थे। 19 अगस्त वह अपने पोते के साथ मंदिर में गए थे।
मंदिर से पूजा अर्चना करने के बाद वापस घर लौट रहे थे। जब सड़क पारकर घर की तरफ आने लगे तो इसी दौरान तेज रफ्तार से आए स्कूटी सवार ने पिता को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हालत में उनको शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार साढ़े चार बजे चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। हादसे के बाद पुलिस थाना में शिकायत दी थी।
शिकायत देने के बाद भी बयान लेने नहीं पहुंचे पुलिसकर्मी मृतक के बेटे संजय ने बताया कि शुक्रवार रात नौ बजकर 50 मिनट पर पिता ने अंतिम सांस ली। उनके देहांत के बाद पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सुबह दोबारा से पुलिस को सूचना दी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी पुलिस नहीं आई। उसके बाद स्वजन के साथ मिलकर अंतिम संस्कार के लिए सेक्टर 16-17 के श्मशान घाट में लेकर पहुंचे।
वहां पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान सिविल लाइन थाना से पुलिस की दो गाड़ियां पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लेकर गई। स्वजन का आरोप है कि पुलिस में शिकायत देने के बाद एक बार भी कोई भी पुलिस कर्मचारी न तो बयान लेने के लिए आया और न ही कोई अन्य जानकारी लेने के लिए।
जब दुर्घटना हुई थी उस समय घायल के स्वजन की तरफ से शिकायत दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। घायल सुंदर श्याम के देहांत का पता चलने पर श्मशान घाट पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए। - रिसाल सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी, हिसार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।