हरियाणा में हीट स्ट्रोक का खतरा, सिरसा प्रदेश में सबसे गर्म, 47.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान
प्रदेश में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां सामान्य से आठ डिग्री बढ़कर 47.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अभी तक किसी भी शहर में अधिकतम तापमन इतना नहीं पहुंचा है। यह तापमान सिरसा एयरपोर्ट पर लगे आटोमेटिक वेदर सिस्टम में दर्ज किया गया।

जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा में शनिवार इस सीजन में अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा। प्रदेश में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां सामान्य से आठ डिग्री बढ़कर 47.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अभी तक किसी भी शहर में अधिकतम तापमन इतना नहीं पहुंचा है। यह तापमान सिरसा एयरपोर्ट पर लगे आटोमेटिक वेदर सिस्टम में दर्ज किया गया। हरियाण में हीट वेव लगातार तीन दिनों से चल रही है। जिसके करण प्रदेश में कई जिलों में तापमान बढ़ता ही जा रहा है।
सिरसा के बाद साइबर सिटी गुरुग्राम में सामान्य से आठ डिग्री बढ़कर 46.8 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद महेंद्रगढ़ के नारनौल में दिन के समय सामान्य से छह डिग्री बढ़कर 46.6 डिग्री सेल्सियस तो हिसार में 46.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लू चलने के बाद तापमान बढ़ने का क्रम तीन दिनों से जारी है। आगामी 17 मई के आसपास लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना मौसम विज्ञानी जता रहे हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी हरियाणा पर बारिश कर सकता है। इससे तापमान में भी कमी देखने को मिल सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में लगातार दिन के तापमान में सामान्य से 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है । मई महीने का सामान्य तापमान दिन का 40 से 42 डिग्री तथा रात्रि तापमान 21 से 23 डिग्री होता है जबकि पिछले तीन दिनों से दिन का तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है वहीं इस दौरान रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म हैं। इन दिनों में लगातार दिन के समय में लू भी चली। इतनी अधिक गर्मी पड़ने का मुख्य कारण मैदानी क्षेत्रों में कोई मौसमी सिस्टम का ज्यादा प्रभावी न होना तथा राजस्थान के ऊपर पाकिस्तान में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से खुश्क व गर्म पश्चिमी हवाओं का चलना है।
पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
राज्य में मौसम 16 मई तक गर्म व खुश्क बने रहने की संभावना है मगर 16 मई देर रात्रि से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा में बदलाव पश्चिमी से उत्तर पूर्वी होने से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है। जिससे 16 मई रात्रि को धूल भरी हवा चलने वहीं 17 मई को उत्तरी हरियाणा में बादलवाई तथा हवाओं के साथ कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश संभावित है। मगर पश्चिमी व दक्षिण हरियाणा में धूलभरी हवाओं के साथ कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना है। जिससे राज्य में 18 मई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है । इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।