यौन उत्पीड़न मामला: हरियाणा के पूर्व मंत्री संदीप सिंह के घर पहुंची पुलिस, महिला कोच ने लगाए संगीन आरोप
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री रहे संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला कोच ने एक और आरोप लगाया है। महिला कोच ने कहा कि उन्हें फोन कॉल आ रहे हैं कहा जा रहा है कि वह किसी भी देश में जा सकती हैं।

चंडीगढ़, एजेंसी। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री रहे संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला कोच ने एक और आरोप लगाया है। महिला कोच ने कहा कि उन्हें फोन कॉल आ रहे हैं, कहा जा रहा है कि वह किसी भी देश में जा सकती हैं। यहीं नहीं उन्हें एक महीने के लिए 1 करोड़ रुपये का ऑफर भी दिया गया है। महिला ने बताया कि उसे अपनी शिकायत वापस लेने के लिए नहीं कहा गया है, लेकिन चुप रहने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और किसी अन्य देश में जाने के लिए कहा जा रहा है।
संदीप सिंह के घर पहुंची पुलिस की टीम
इस बीच, यौन उत्पीड़न के आरोपों में फंसे हरियाणा के खेल राज्य मंत्री रहे संदीप सिंह की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। यौन उत्पीड़न मामले में सेक्टर-26 थाना प्रभारी सहित पुलिस की एक टीम आज हरियाणा के पूर्व मंत्री संदीप सिंह के आवास पर पहुंची। बता दें कि संदीप सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाने में यौन शोषण का मामला दर्ज है।
महिला का आरोप- देश छोड़ने के लिए 1 करोड़ का दिया ऑफर
महिला कोच ने कहा कि मुझे फोन कॉल मिल रहे हैं कि मैं किसी भी देश में जा सकती हूं और मुझे एक महीने के लिए 1 करोड़ रुपये मिलेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि मुझे अपनी शिकायत वापस नहीं लेने के लिए कहा गया है, लेकिन चुप रहने और किसी अन्य देश में जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
सीएम कर रहे जांच को प्रभावित
हरियाणा खेल मंत्री पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला कोच ने कहा कि एसआईटी का गठन कर दिया गया है और मामले में सबकुछ विस्तार से बताया गया है। हालांकि, हरियाणा के सीएम जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझ पर चुप रहने का दबाव डाला जा रहा है।
महिला कोच ने एसआइटी को दर्ज कराए बयान
इससे पहले मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस की एसआइटी के समक्ष प्रदेश के खेल राज्य मंत्री रहे संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला कोच ने अपने बयान दर्ज करवाए थे। शिकायतकर्ता सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंची और रात लगभग आठ बजे तक वहां रही। पुलिस ने महिला का फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है। इस दौरान महिला कोच ने पुलिस को अपने केस से संबंधित कुछ अन्य साक्ष्य भी सौंपे। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस मंत्री संदीप से पूछताछ भी कर सकती है। महिला ने अपनी कानूनी लड़ाई मजबूती से लड़ने के लिए विभाग से दस दिन का अवकाश भी ले लिया है।
महिला अधिकारी के नेतृत्व में गठित की टीम
बता दें कि मामले की जांच के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने महिला अधिकारी पलक गोयल के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम गठित की है। पूछताछ के बाद महिला ने मीडिया कर्मियों को बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस की एसआइटी को सारी सच्चाई बता दी है। महिला ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर भी जांच को प्रभावित करने का आरोप लगाया। कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे बयान देकर संदीप सिंह को बेकसूर साबित करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने यह भी कहा कि मुहं बंद रखने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्हें एक करोड़ रुपये का आफर दिया गया है।
संदीप सिंह पर लगे आरोपों पर बोले सीएम खट्टर
बता दें कि हरियाणा सरकार द्वारा तथ्यों की पड़ताल के लिए बनाई कमेटी अभी बैठकें ही कर रही है, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला कोच और मंत्री संदीप सिंह के मामले में पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि एक महिला खिलाड़ी द्वारा संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। सिर्फ आरोप लगाने से किसी को भी दोषी नहीं माना जा सकता है। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस केस दर्ज कर चुकी है। हरियाणा पुलिस की एक टीम द्वारा तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। संदीप सिंह खेल विभाग वापस सौंप चुके हैं। मामले की हर पहलू से जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।