Haryana: दुर्जनपुर फ्लाईओवर पर ट्रांसपोर्टर के शव को ढाई घंटे तक रौंदते रहे वाहन, दाढ़ी और पर्स से हुई पहचान
Haryana हिसार से अग्रोहा के बीच दुर्जनपुर फ्लाईओवर पर ट्रांसपोर्टर सतीश सिंधु की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि सोमवार रात को घना कोहरा होने के कारण ट्रांसपोर्टर सतीश सिंधु के शव से कई वाहन गुजरते रहे।

हिसार/अग्रोहा, जागरण संवाददाता। हिसार में दर्दनाक हादसा हुआ है। हिसार से अग्रोहा के बीच दुर्जनपुर फ्लाईओवर पर ट्रांसपोर्टर अशोक विहार आजाद नगर निवासी सतीश सिंधु की मौत हो गई। सोमवार रात को 45 वर्षीय सतीश सिंधु स्कूटी पर सवार होकर गांव चिकनवास से आजाद नगर की ओर जा रहे थे। दुर्जनपुर फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी, जिससे वे गिर गए।
रात भर शव से गुजरते गए कई वाहन
सोमवार रात को घना कोहरा होने के कारण ट्रांसपोर्टर सतीश सिंधु के शव से कई वाहन गुजरते रहे। ढाई घंटे तक गाड़ियां शव के ऊपर से निकलते रहीं। पुल पर ही स्कूटी गिरी पड़ी थी। ढाई घंटे बाद पुलिस गश्त करती हुई पहुंची तो पता चला कि किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया और स्कूटी के नंबर से मृतक की पहचान करने की कोशिश की। रात करीब साढ़े 12 बजे तक पुलिस को मृतक के स्वजनों के बारे में जानकारी मिली और उन्हें घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों ने दाढ़ी और पर्स देखकर की शव की पहचान
मृतक के बड़े भाई भाजपा नेता राजेश सिंधु ने मृतक भाई की दाढ़ी और पर्स देखकर शव की पहचान की। मृतक सतीश सिंधु का पुणे में ट्रांसपोर्ट का बिजनेस है। वह नौ भाई बहनों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई सतबीर सिंधु गुरुग्राम बार और वेदप्रकाश सिंधु हिसार बार में प्रैक्टिस करते हैं। तीसरे भाई राजेश सिंधु भाजपा के नेता हैं। लोहारू हलके में भाजपा के पन्ना प्रमुख का दायित्व संभाल रहे हैं। पुलिस ने राजेश सिंधु के बयान पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
भांजे के साथ चंडीगढ़ गया था मृतक सतीश सिंधु
मृतक के भाई राजेश सिंधु ने बताया कि उसका छोटा भाई सतीश सिंधु चिकनवास में बहन के घर दिन में स्कूटी पर गया था। दिन में धूप खिली थी, इसलिए वह स्कूटी से चला गया और भांजे के साथ किसी काम से चंडीगढ़ चला गया। वापसी में वह शाम को करीब छह बजे के आसपास बहन के घर से स्कूटी पर निकले। उस समय कोहरा नहीं था मौसम साफ था। मगर घर के निकलने के कुछ देर में ही कोहरा छा गया। इसी बीच किसी वाहन ने टक्कर मार दी और शव के ऊपर से वाहन गुजरते रहे। मृतक सतीश का एक बेटा है, वह चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। पूरा परिवार सिवानी के नलोई का रहने वाला है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच सड़क से उठाया शव
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क से मांस के लौथड़े उठाए। पता चला है कि करीब ढाई घंटे तक वाहन ट्रांसपोर्टर के शव के ऊपर से गुजरते रहे। सड़क पर मांस के लौथड़े पूरी तरह से बिखर गए थे। अंदेशा है कि कुत्ते मांस के लौथड़े नोंच रहे थे। पुलिस ने सड़क से मांस के लौथड़ों को समेटा और एंबुलेंस में शव को रखवाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।