'कांग्रेस राज में प्रदेश की सड़कों की हालत पाकिस्तान..,' INSO की छात्र हुंकार रैली में बोले दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस राज में सोनीपत को वह अपना कहते थे। मगर वहां भी भारत-पाकिस्तान के बार्डर की तरह रास्ते छोटे ...और पढ़ें

हिसार, जागरण संवाददाता। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री एवं जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) ने कहा कि कांग्रेस राज में प्रदेश की सड़कों की हालत पाकिस्तान सीमा की तरह होती थी। पहले लोग दिल्ली से चलते थे और हिसार, भिवानी, जींद, सोनीपत के शुरुआत में ही सड़कें छोटी हो जाती थी। वहीं, दुष्यंत चौटाला ने मंच से 'जय हरियाणा-जय मेवात' का नारा भी दिया।
बता दें कि दुष्यंत चौटाला हिसार की नई अनाज मंडी में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन (इनसो) के 21वें स्थापना दिवस समारोह पर आयोजित 'छात्र हुंकार रैली' में बोल रहे थे। इस दौरान इनसो के संस्थापक व जेजेपी के राष्ट्रीय संयोजक पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यूपीए से आइ.एन.डी.आइ.ए नाम (I.N.D.I.A) बदलने से कुछ नहीं होता।
'नकारे हुए, दुत्कारे हुए लोग...'
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस राज में सोनीपत को वह अपना कहते थे। मगर वहां भी भारत-पाकिस्तान के बार्डर की तरह रास्ते छोटे थे। दुष्यंत ने तंज कसते हुए कहा कि नकारे हुए, दुत्कारे हुए लोग बहकी-बहकी बात करते हैं। चौटाला ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वह विधानसभा में लोगों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने मंच से जय हरियाणा-जय मेवात का नारा दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अमन-चैन तोड़ रहे हैं। उनको मजबूती से जवाब देना होगा।
छात्र संघ चुनाव पर क्या बोले दुष्यंत चौटाला
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि छात्र संघ चुनाव को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी गई है। अभी वह रुकी हुई है। उसके युवाओं को लड़ना चाहिए। वह भी उनकी आवाज को आगे पहुंचाएंगे। चौटाला ने कहा कि राजस्थान में 25 दिन में सभी कॉलेज व विश्वविद्यालय में इनसो अपने अध्यक्ष बनाए और चुनाव लड़े। नवंबर में होने वाले चुनाव में यह संगठन मजबूती से वहां काम करेगा।
अजय चौटाला का कांग्रेस पर निशाना
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि यूपीए से आइएनडीआइए नाम रखने से कुछ नहीं होता। संघर्ष की राह पर चलने से मकसद हल होता है। चौटाला ने कहा कि उनका राष्ट्रीय और प्रादेशिक संगठन मजबूत है। मगर कांग्रेस आजतक अपना संगठन भी खड़ा नहीं कर पाई है। उनके तीन-तीन प्रदेशाध्यक्ष बदल गए हैं।
जजपा के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों के भविष्य को आगे लेकर जाएगा। नई पौध इससे ही तैयार होगी। सरकार को अपना वायदा पूरा कर प्रत्यक्ष रूप से चुनाव करवाने चाहिए। इस अवसर पर इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देसवाल, राज्यमंत्री अनूप धानक, प्रदेशाध्यक्ष सरदाना निशान सिंह के अलावा अन्य नेता थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।