Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तेज बारिश की संभावना पर हरियाणा सरकार अलर्ट, सीएम ने बुला ली अहम बैठक, पंजाब की भी करेंगे मदद

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 03:08 PM (IST)

    हरियाणा सरकार ने पंचकूला में मंगलवार को एक राज्य स्तरीय बैठक बुलाई गई है जिसमें बाढ़ राहत कार्यों और आगामी सेवा पखवाड़े पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सरकार और संगठन के प्रयासों को तेज करने पर जोर दे रहे हैं। बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान की समीक्षा की जाएगी। सेवा पखवाड़े के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की योजना भी बनाई जाएगी।

    Hero Image
    मंगलवार को होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री के भाजपा प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री भी शामिल होंगे।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में प्राकृतिक आपदा के चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां सोमवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ राज्य की मौजूदा स्थिति और संभावित राहत कार्यों पर चर्चा की। वहीं, अगले कुछ दिनों में तीन बार तेज बारिश होने की संभावना को लेकर भी सरकार चिंतित और अलर्ट पर है। इसी वजह से मंगलवार को पंचकूला में पार्टी की बड़ी बैठक बुला ली गई है। पंजाब को पांच करोड़ रुपये की मदद कर चुके मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में हरियाणा के लोग और राज्य सरकार पंजाब के लोगों के साथ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा की मंगलवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी के भाजपा प्रभारी डा. सतीश पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी शामिल होंगे। बैठक में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से आरंभ होने वाले सेवा पखवाड़े की तैयारियों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी।

    पंचकूला की यह बैठक हरियाणा भाजपा के लिए राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर अहम साबित होने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जहां बाढ़ और किसानों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे, वहीं सेवा पखवाड़ा के जरिए पार्टी जनता के बीच सेवा और जनकल्याण का संदेश लेकर जाएगी। बैठक में भाजपा के सभी मंत्री-विधायक, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों को भी बुलाया गया है।

    बैठक में हाल ही में आई बाढ़ से उत्पन्न हालात की समीक्षा होगी। मुख्यमंत्री ने पहले ही सभी मंत्रियों, विधायकों और प्रत्याशियों को फील्ड में जाकर नुकसान का जायजा लेने का निर्देश दिया था। अब बैठक में उनसे विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं जिला उपायुक्तों से हर जिले की रिपोर्ट ले रहे हैं। सभी मंत्रियों और विधायकों को आगे भी फील्ड में सक्रिय रहने को कहा जाएगा। मौसम विभाग की चेतावनी को लेकर सरकार काफी गंभीर है। 

    प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से आरंभ होने वाला सेवा पखवाड़ा गांधी जयंती दो अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की सेवा करना और जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाना है। इस बार हरियाणा में सेवा पखवाड़ा के दौरान कई विशेष आयोजन होंगे। प्रदेश सरकार भी इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल होगी।

    भाजपा ने प्रदेश व जिलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को इसमें भागीदार बनने के लिए बैठक बुलाई है। बैठक में उन्हें पूरा कार्यक्रम दिया जाएगा। बैठक में संगठन और सरकार के बीच तालमेल को अधिक मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। जिलेवार रिपोर्ट लेकर कार्यकर्ताओं को फील्ड में अधिक सक्रिय करने की योजना बनेगी।