जागरण संवाददाता, हिसार : पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अल सुबह प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह गहरी धुंध देखने को मिली। इसके अलावा दोपहर के समय तेज गति से पश्चिमी शीत हवा चली इससे ठिठुरन बढ़ गई।
Karnal Crime: पॉक्सो एक्ट में दो दोषियों को 20 साल व अपहरण के मामले में चार साल की जेल
शीत हवा के कारण दिन और रात के तापमान दोनों में गिरावट देखने को मिली। हरियाणा कृष विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी देखने को मिली और राज्य में कई क्षेत्रों में बारिश देखने को मिली। मगर अब हरियाणा में अगले पांच दिन ठंडी हवा का दौर शुरू होगा।
पहाड़ों से मैदानों की ओर हवा बहेगी। इस दौरान रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है परंतु दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में नमी की अधिकता के कारण अगले तीन दिनों में अर्थात 2 फरवरी तक कहीं कहीं अलसुबह धुंध आने की भी संभावना है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 25 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। पिछले 10 वर्ष में जनवरी माह में केवल दो बार प्रदेश में अच्छी बारिश हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो जनवरी माह में पिछले दस वर्षों में दो बार ऐसी स्थिति बनी जब बारिश अच्छी हुई। वर्ष 2017 में 34.5 एमएम और वर्ष 2022 में 69 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा बाकि वर्षों में 25 एमएम से ऊपर बारिश नहीं हुई। आंकड़ों को देखा जाए तो वर्ष 2013 में 21.4, 2014 में 13.5, 2015 में 12.2, 2016 में 0, 2017 में 34.5, 2018 में 5.1, 2019 में 14.9, 2020 में 23.6, 2021 में 20.9, 2022 में 69 और 2023 में 11.6 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।
धुंध में स्कूल वैन सहित आठ वाहन भिड़े, तीन लोग घायल
संस, रानियां(सिरसा): वहीं, सिरसा के रानिया में धुंध के कारण सुबह आठ वाहन आपस में टकरा गए। इनमें दो स्कूल वैन, एक यात्री बस, चार कार व दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसों में तीन लोग घायल हो गए और दस अन्य को चोटें आईं। पुलिस ने वाहनों को हटवाया और मार्ग खाली करवा दिया। रानियां में कार ने दूसरी कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो इसी दौरान सामने से स्कूल वैन आ गई और तीनों वाहन टकरा गए।
Ambala News: डीसी कार्यालय में सीटें खाली, धूप सेंक रहे कर्मी; काम की चाल ढीली