हरियाणा में खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट में फर्जीवाड़ा, अब सीएम फ्लाइंग ने शुरू की जांच
हरियाणा में खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट में फर्जीवाड़ा। अब सीएम फ्लाइंग ने शुरू की मामले की जांच। कई जिलों में खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट संबंधित दस्तावेजों को खंगालने में जुटी टीम। सीएम फ्लाइंग टीम 25 मई 2018 से अप्रैल 2022 तक बने खेल ग्रेडेशन प्रमाणपत्रों की जांच में जुटी है।

हिसार, [पवन सिरोवा]। खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट फर्जीवाड़ा मामले में नया मोड़ आया है। स्टेट विजिलेंस के साथ-साथ खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने में हुए भ्रष्टाचार मामले की जांच सीएम फ्लाइंग ने भी शुरू कर दी है। हिसार सहित कई शहरों से सीएम फ्लाइंग की टीम द्वारा रिकार्ड जुटाने की बात सामने आई है। खेल ग्रेडेशन मामले में जांच का दायरा नई खेल नीति 25 मई, 2018 के अनुसार बने खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट तक है। सीएम फ्लाइंग टीम 25 मई, 2018 से अप्रैल, 2022 तक बने खेल ग्रेडेशन प्रमाणपत्रों की जांच में जुटी है।
स्टेट विजिलेंस को मिल चुके हैं भ्रष्टाचार के सुबूत
खेल ग्रेडेशन मामले में शुरू हुई विभागीय जांच में खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के अफसरों को 5700 में से करीब 2500 खेल ग्रेडेशन प्रमाण-पत्रोंं में गड़बड़ियां मिली थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह ने उच्चस्तरीय जांच करवाने का फैसला लिया था। खेल निदेशक पंकज नैन से रायशुमारी कर खेल मंत्री ने स्टेट विजिलेंस की जांच को प्राथमिकता दी। बताते हैं कि खेल ग्रेडेशन भ्रष्टाचार मामले के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हुए हैं।
ये जानकारियां हो चुकी हैं उजागर
- एक स्थान, एक समय। लेकिन एक ही खेल की दो स्टेट चैंपियनशिप करवा दी।
- एक ही खेल में कई-कई विजेता बना दिए।
- बिना जीते ही विजेता बना दिए तो कही बिना खेले ही खिलाड़ियों को खेल सर्टिफिकेट बांट दिए।
ये नया मामला आया सामने
देश की एक पूर्व हाकी ओलिंपियन के भी भीम अवार्ड के लिए लगाए गए दस्तावेजों में फर्जी सर्टिफिकेट होने की बात सामने आई है। इस मामले में खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग ने जांच की तो उसमें प्राथमिक जांच में सर्टिफिकेट संबंधित दस्तावेज फर्जी पाया गया है। इस मामले में फिलहाल जांच जारी है।
पूर्व में हुई विभागीय जांच में इन जिलों में जांचे गए थे दस्तावेज
- 1 और 2 दिसंबर 2021 को हिसार, फतेहाबाद, भिवानी और सिरसा में जांच टीमों ने दस्तावेज खंगाला था।
- 20 मई से 4 जून 2021 तक कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा, रेवाड़ी और भिवानी में रिकार्ड खंगाला था।
इन खेलों में प्रमाणपत्र बनाने में बड़ी गड़बड़ियों की संभावनाएं
खेलों के ग्रेडेशन प्रमाण-पत्र संबंधी पूर्व की विभागीय जांच में सुबूत विभाग जुटाया जा चुका है। बताया गया है कि विभागीय जांच में सर्वाधिक प्रमाण-पत्र बनाने के घालमेल में कराटे सहित थ्रोबाल, सर्कल कबडडी और हैंडबाल खेलों के प्रमाणपत्र शामिल हैं। इसके अलावा साफ्टबॉल, एथलेटिक्स, ताइक्वांडो, नेटबाल, आर्चरी, फुटबाल और बाक्सिंग खेलों के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने में घालमेल की संभावना जताई जा रही है।
जांच अभी जारी है
स्टेट विजिलेंस के अलावा सीएम फ्लाइंग भी खेल ग्रेडेशन मामले की जांच कर रही है। जांच अभी जारी है।
- रिछपाल, इंस्पेक्टर, सीएम फ्लाइंग, हिसार।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।