सिरसा में किसानों से भिड़े भाजपाई, तीन कार्यकर्ताओं समेत चार घायल
सिरसा के डबवाली में भाजपा की बैठक थी। विरोध करने किसान पहुंच गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर नशा करके गाली-गलौज करने के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों को छुड़वाया। भाजपा ने सारा ड्रामा कांग्रेस प्रायोजित होने का आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, डबवाली (सिरसा)। सोमवार को डबवाली में भाजपा की बैठक का विरोध करने पहुंचे किसानों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। झगड़े में तीन कार्यकर्ता तथा एक किसान घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में ले जाया गया।
जानकारी अनुसार, सोमवार शाम छह बजे चौटाला रोड स्थित सरस्वती स्कूल में भाजपा ने बैठक रखी हुई थी। इसकी भनक किसानों को लग गई। शाम करीब चार बजे किसान विरोध करने के लिए पहुंचने लगे। डीएसपी कुलदीप बैनीवाल तथा शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौजूद था। किसानों ने विद्यालय में जाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया। पुलिस ने मना कर दिया। बैठक में भाग लेने के लिए कार्यकर्ता विद्यालय में जा रहे थे। किसानों ने विरोध किया तो विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। झगड़े में भाजपा कार्यकर्ता सुरेश बिश्नोई, रामकिशन मेहता, भारु राम गाट तथा किसान गांव डबवाली निवासी शिवचरण को चोटें आई। पुलिस ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव किया।
भाजपा का आरोप, कांग्रेस प्रायोजित था ड्रामा
भाजपा डबवाली मंडल अध्यक्ष गौरव मोंगा ने कहा कि कांग्रेस का प्रायोजित ड्रामा था। नशा किया हुआ था, आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा रहे थे। हंगामा करने वालों के हाथ में पेट्रोल था। बैठक रद हो चुकी थी। उपरोक्त लोगों ने कार्यकर्ताओं पर हमला करके उन्हें घायल कर दिया। हम शांति पूर्वक कानूनी तरीके से कार्रवाई करवा रहे हैं।
किसान बोले, नशे में थे भाजपा कार्यकर्ता
हरियाणा किसान एकता डबवाली के अध्यक्ष गुरप्रेम सिंह देसूजोधा ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता नशे की हालत में आए। 50 वर्षीय किसान शिवचरण से गाली गलौज करने लगे। उसे पत्थर मारा। धक्का देकर गिरा दिया जिसके बाद स्थिति हमारे नियंत्रण से बाहर हो गई।
बयानों के बाद की जाएगी कार्रवाई
डीएसपी डबवाली कुलदीप बैनीवाल ने कहा कि सरस्वती स्कूल में भाजपा का कार्यक्रम था। किसानों के विरोध के चलते रद हो गया। रास्ते में भाजपा कार्यकर्ता तथा किसानों में विवाद हो गया। किस बात को लेकर झगड़ा हुआ, यह पता नहीं चल पाया है। संबंधित के बयानों के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।