हरियाणा बना गैस चैंबर, देश के टॉप-10 प्रदूषित शहरों में प्रदेश के 6 शहर; दमघोंटू हवा में कैसे लें सांस?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के छह शहर देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल ...और पढ़ें
-1794717037535_m.webp)
फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में हरियाणा के 6 शहर
बहादुरगढ़ 376 एक्यूआई के साथ देश का सबसे प्रदूषित
हल्की बूंदाबांदी और बादल भी प्रदूषण घटाने में विफल
जागरण टीम, हिसार। आसमान पर छाए बादलों की चादर और कहीं-कहीं हुई हल्की बूंदाबांदी भी प्रदेश की आबोहवा में घुले जहर को धोने में नाकाम साबित हुई हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की शनिवार शाम की रिपोर्ट के अनुसार, देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों की सूची में हरियाणा के छह शहर शामिल हैं।
चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस झज्जर जिले में इस बार पराली जलाने का एक भी मामला सामने नहीं आया है, उसमें बहादुरगढ़ (376 एक्यूआई) पूरे देश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। दिल्ली और मेरठ 367 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हिसार और फतेहाबाद 358 एक्यूआई के साथ देश में चौथे पायदान पर काबिज हुए। इसके अलावा पंचगांव (354) छठे, फरीदाबाद (347) सातवें और गुरुग्राम (340) दसवें स्थान पर रहा।
बेअसर रहीं बौछारें
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिनभर छाई बादलवाही और हवा की धीमी रफ्तार (8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा) ने प्रदूषक कणों को वातावरण की निचली सतह पर ही कैद कर दिया। हिसार में सुबह स्मॉग की घनी चादर लिपटी रही, जिससे सैर पर निकले लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ बढ़ी।
दोपहर में हुई हल्की बौछार भी एक्यूआइ को 358 से नीचे नहीं ला सकी। करनाल में शाम को बूंदाबांदी और ठंड बढ़ने के बावजूद एक्यूआइ 288 तक पहुंच गया (शाम 4 बजे का औसत 298 रहा)। पानीपत में भी दोपहर को प्रदूषण का स्तर 360 के पार चला गया, हालांकि 24 घंटे का औसत 210 दर्ज हुआ।
-1794716695995.webp)
सिरसा-रोहतक में चढ़ा प्रदूषण का ग्राफ
बादलवाही के चलते कई जिलों में हवा की सेहत अचानक बिगड़ गई। सिरसा में शुक्रवार को जो एक्यूआइ 124 पर था, वह शनिवार को ये बढ़कर 276 पर पहुंच गया। इसी तरह रोहतक में भी एक्यूआइ 66 अंक बढ़कर 241 (औसत 248) दर्ज हुआ। चरखी दादरी में 24 घंटे के भीतर प्रदूषण में 54 अंकों की बढ़ोतरी हुई और शाम तक स्तर 247 (औसत 251) पहुंच गया।
धूल के गुबार को दबाने के लिए यहां नगर परिषद को सड़कों पर कृत्रिम बारिश यानी एंटी स्मॉग गन से पानी की बौछारें सड़कों व पेड़ पौधों पर डाली गईं। रोहतक में भी ऐसा ही किया गया। वहीं, जींद में दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए और स्मॉग के बीच एक्यूआइ 313 (औसत 301) रहा।

पराली पर सख्ती, कहीं राहत तो कहीं रेड एंट्री
वहीं, प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक सख्ती भी जारी है। अंबाला (167 एक्यूआइ) में पराली जलाने पर आठ किसानों पर एफआइआर दर्ज कर उनके रिकार्ड में रेड एंट्री की गई है। कुरुक्षेत्र (267 एक्यूआइ) में अब तक 15 मामलों में 10 एफआइआर हो चुकी हैं। वहीं, कैथल में पराली जलाने की 44 एफआइआर के बीच शनिवार को कोई नया मामला नहीं आया और एक्यूआइ सुधरकर 179 (दिन में 190) पर आ गया। प्रदेश में सबसे साफ हवा पंचकूला (121) की रही।
जानें... कैसा रहा जिलों में प्रदूषण का स्तर
- हिसार: सुबह घने स्मॉग से सैर करने वालों की आंखों में जलन रही। दोपहर में हल्की बौछार के बावजूद एक्यूआइ 358 के खतरनाक स्तर पर बना रहा।
- फतेहाबाद: घने स्मॉग और धुंध से दृश्यता प्रभावित रही और दिन में एक्यूआइ 289 दर्ज किया गया। जिले का अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम 18 डिग्री रहा।
- पानीपत: सुबह-शाम स्मॉग छाया रहा और दोपहर में एक्यूआइ 360 तक पहुंच गया। दिनभर बादल छाए रहे और हवा की गति दस किलोमीटर प्रति घंटा रही।
- करनाल: शाम को बूंदाबांदी शुरू होने से ठंड बढ़ गई, लेकिन प्रदूषण से राहत नहीं मिली। दोपहर में एक्यूआइ 288 दर्ज किया गया और ठिठुरन महसूस हुई।
- सिरसा: बादलवाही से स्मॉग की चादर गहरा गई और एक्यूआइ 124 से बढ़कर 276 पहुंच गया। खराब मौसम के बीच किसान धान कटाई में जुटे रहे।
- कैथल: हल्के बादलों के बीच एक्यूआइ सुधरकर 190 दर्ज हुआ और ठंड बढ़ गई। पराली की 44 एफआइआर हो चुकी हैं, पर शनिवार को कोई मामला नहीं मिला।
- अंबाला: पराली जलाने के आरोप में आठ किसानों पर एफआइआर दर्ज कर उनके रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई। सैटेलाइट से पांच जगह आग की लोकेशन ट्रेस हुईं थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।