विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरफ्तारी से पहले नोटिस जारी करने का रिकॉर्ड नहीं, पंचकूला पुलिस ने हाईकोर्ट में मानी चूक

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:02 PM (IST)

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सात साल तक की सजा वाले अपराधों में गिरफ्तारी से पहले धारा 41ए नोटिस के रिकॉर्ड को लेकर सख्ती दिखाई है।

गिरफ्तारी से पहले नोटिस रिकॉर्ड पर हाईकोर्ट सख्त, पंचकूला पुलिस ने मानी चूक

गिरफ्तारी से पहले नोटिस रिकॉर्ड पर हाईकोर्ट सख्त, पंचकूला पुलिस ने मानी चूक

HighLights

  1. हाईकोर्ट ने धारा 41ए नोटिस रिकॉर्ड पर सख्ती दिखाई।

  2. पंचकूला पुलिस ने अलग रजिस्टर न होने की चूक मानी।

  3. सुप्रीम कोर्ट के 2014 के आदेश का पालन जरूरी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सात साल तक की सजा वाले अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले कानूनी प्रक्रिया का पालन करने और धारा 41ए के तहत नोटिस जारी करने के रिकॉर्ड को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है।

कुरुक्षेत्र निवासी संदीप कुमार की ओर से आईपीएस अधिकारी पंकज नैन और अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस सुदीप्ति शर्मा ने तीनों राज्यों के संबंधित थानों से नोटिस जारी करने का पूरा रिकॉर्ड तलब किया है।

सुनवाई के दौरान पंचकूला के सेक्टर-5 थाने के एसएचओ ने अदालत को बताया कि थाने में अभी तक धारा 41ए के नोटिस का अलग रजिस्टर नहीं बनाया गया है। उन्होंने भरोसा दिया कि यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

मामले में याचिकाकर्ता ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 2 जुलाई 2014 को आदेश जारी कर स्पष्ट किया था कि भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए और सात साल तक की सजा वाले अन्य अपराधों में पुलिस अधिकारी मनमाने ढंग से गिरफ्तारी नहीं कर सकते। पुलिस को गिरफ्तारी से पहले निर्धारित चेकलिस्ट तैयार करनी होगी और गिरफ्तारी के कारण दर्ज करने होंगे।

आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करते समय गिरफ्तारी के समर्थन में आवश्यक सामग्री भी प्रस्तुत करनी होगी। इसी आदेश के अनुपालन की स्थिति जानने के लिए हाईकोर्ट ने मोहाली के थाना फेज-1, चंडीगढ़ के सेक्टर-11 और पंचकूला के सेक्टर-5 थाने से धारा 41ए के तहत जारी नोटिसों का पूरा रिकॉर्ड पेश करने को कहा है।

अदालत यह देखना चाहती है कि नोटिस जारी करने की प्रविष्टियां किस तरह की जाती हैं और इसके लिए कौन सा रजिस्टर रखा जाता है। सुनवाई के दौरान चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से अदालत को बताया गया कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 41ए अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35 के प्रावधानों के तहत आ गई है।

प्रशासन ने बताया कि नोटिस जारी करने से संबंधित रिकॉर्ड रखने के लिए 26 सितंबर 2026 से रजिस्टर लगाया गया है। वहीं, पंचकूला के सेक्टर-5 थाने के एसएचओ ने अदालत में रिकॉर्ड पेश करते हुए स्वीकार किया कि उनके थाने में अभी तक ऐसा रजिस्टर नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस कमी के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।