Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पितृपक्ष के बाद हरियाणा में कांग्रेस निकालेगी वोट अधिकार यात्रा, राहुल-खरगे अगले सप्ताह बनाएंगे रणनीति

    Updated: Sun, 14 Sep 2025 05:53 PM (IST)

    कांग्रेस हरियाणा में वोट अधिकार यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे इस सिलसिले में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह यात्रा पितृपक्ष खत्म होने के बाद शुरू होगी और सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। कांग्रेस का आरोप है कि पिछले चुनावों में वोट चोरी हुई थी जिसके चलते पार्टी कई सीटों पर हार गई।

    Hero Image
    कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली।  बिहार में वोट अधिकार यात्रा निकालने के बाद कांग्रेस अब हरियाणा में वोट अधिकार यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। यह यात्रा सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। अगले सप्ताह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हरियाणा के पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम तय करेंगे। यात्रा की शुरुआत पितृपक्ष खत्म होने के बाद होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान सदन के अंदर वोट चोर-गद्दी छोड़ का नारा लगाने वाले कांग्रेस विधायकों तथा पार्टी जिलाध्यक्षों को अलग-अलग जिलों का समन्वयक बनाया जाएगा। अगले सप्ताह पार्टी मुख्यालय में होने वाली बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद तथा सह प्रभारी जितेंद्र बघेल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह सहित सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

    बैठक में पार्टी के सांसद तथा विधायकों और जिलाध्यक्षों को भी बुलाया जा सकता है। सभी से चर्चा करने के बाद ही शीर्ष नेतृत्व की ओर से वोट अधिकार यात्रा का कार्यक्रम तय किया जाएगा। बैठक के बाद राहुल गांधी मीडिया से भी पार्टी कार्यक्रम के बारे में चर्चा कर सकते हैं।

    पार्टी नेताओं का मानना है कि महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में वोट चोरी किए गए हैं। जिसके चलते ही कई सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार बहुत कम अंतर से भाजपा उम्मीदवार के मुकाबले हारे और पार्टी के प्रति प्रदेश में अच्छे माहौल के बाद भी सरकार नहीं बन सकी और भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आ गई।

    बता दें कि पिछले माह विधानसभा सत्र के दौरान भी कांग्रेस ने वोट चोर -गद्दी छोड़ का आरोप लगा प्रदर्शन किया था। कांग्रेस के विधायकों ने वोट भाजपा का चुनाव आयोग के साथ कथित गठबंधन होने का आरोप लगा सदन के अंदर भी नारेबाजी की थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि जल्द ही विरोध यात्रा का कार्यक्रम तय कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह यहां भी वोट चोरी को लेकर आंदोलन किया जाएगा।