विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मंगलवार हुआ मंगलकारी, आदमपुर को मिला नगरपालिका का दर्जा, मिठाई बांट मनाई खुशी

By Manoj KumarEdited By:
Published: Tue, 29 Jun 2021 04:17 PM (IST)

लंबी जदोजहद के बाद आदमपुर को नगर पालिका का दर्जा प्राप्त हुआ है। मंडी आदमपुर गांव आदमपुर व जवाहर नगर ...और पढ़ें

आदमपुर को नगर पालिका का दर्जा मिलने पर मिठाई बांट खुशी मनाते हुए जन सेवा समिति के सदस्‍य
आदमपुर को नगर पालिका का दर्जा मिलने पर मिठाई बांट खुशी मनाते हुए जन सेवा समिति के सदस्‍य

जागरण संवाददाता, मंडी आदमपुर। आदमपुर की जनता के लिए मंगलवार का दिन मंगलकारी साबित हुआ। आखिर बहुत लंबी जदोजहद के बाद आदमपुर को नगर पालिका का दर्जा प्राप्त हुआ है। मंडी आदमपुर, गांव आदमपुर व जवाहर नगर पंचायत को मिलाकर आदमपुर नगरपालिका बनाया गया है। आदमपुर को नगरपालिका का दर्जा मिलने पर आदमपुर जन सेवा समिति के कार्यालय में समिति के सदस्यों ने मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया। आदमपुर ने जब से होश संभाला है तब से यह वीआइपी श्रेणी का क्षेत्र रहा है।

एक लंबे अर्से तक प्रदेश के मुख्यमंत्री की बागडोर तत्कालीन सीएम स्व.भजनलाल के हाथ में रही। दो बार उपमंडल बनाने की घोषणा होने के बावजूद आदमपुर को नगरपालिका या उपमंडल का दर्जा हासिल नहीं हो सका था, लेकिन अब नगरपलिका का दर्जा मिलना गठबंधन सरकार का आदमपुर वासियों को नायाब तोहफा है। आदमपुर के नगरपालिका बनने से विकास के नये रास्ते खुलेंगे। इस मौके पर जन सेवा समिति के अध्यक्ष उग्रसेन ऐंचरा, रमेश ओझा, नरसिंह ज्याणी, कृष्ण लाल सुथार, जगत अग्रवाल, मुनीष ऐलावादी, राजकुमार जांगड़ा, हरभगवान शर्मा, ताराचंद बुडाकिया, मोहित कोचर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

जन सेवा समिति ने शुरू की थी मुहिम, जजपा जिलाध्यक्ष ने निभाई अहम भूमिका

मंडी आदमपुर को नगर पालिका बनाने के लिए जन सेवा समिति ने मुहिम शुरू की थी। बाद में जन सेवा समिति के सदस्यों ने आदमपुर की करीब 16 सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को अपने साथ लिया और उनसे इस बारें में चर्चा की। संस्थाओं द्वारा सहमति जताने के साथ ही अपनी-अपनी लेटर हेड पर प्रस्ताव लिखित में दिये गये। संस्थाओं से प्रस्ताव मिलने के बाद समिति द्वारा सामुहिक बैठक बुलाई थी। बाद में सेवा समिति के सदस्यों ने अपनी इस मुहिम को जजपा जिला अध्यक्ष रमेश गोदारा के समक्ष रखा गया। रमेश गोदारा ने समिति के सदस्यों को आश्वासन दिया था कि वे 3 महिने के अंतर्गत ही आदमपुर को नगरपालिका का दर्जा दिलवा देंगे। आदमपुर को नगरपालिका बनाने के लिए रमेश गोदारा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मुलाकत की थी। मंगलवार को उन्हीं के भरकस प्रयासों के कारण आदमपुर को नगरपालिका का दर्जा मिला है।

घोषणा के 30 साल बाद नहीं खुला किस्मत का ताला, अब मिला नगरपालिका का दर्जा

आदमपुर को उपमंडल बनाने के मामले में पहले की सरकारें भी राजनीति करती रही हैं। 1991 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री रहे चौधरी भजनलाल ने आदमपुर को उपमंडल का दर्जा दे दिया था। उसके पश्चात 1996 में बनी हविपा-भाजपा गठबंधन की सरकार के मुख्यमंत्री बंसीलाल ने तोशाम सहित आदमपुर का उपमंडल का दर्जा समाप्त कर डाला। इसके पश्चात इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए तथा आदमपुर के साथ-साथ तोशाम को भी उपमंडल का दर्जा एक बार फिर दे डाला और इसे विधानसभा में पारित भी करवा दिया था। फिर कांग्रेस की सरकार बनने के बाद फाइलें धूल फांकती रही और अब तक आदमपुर को उपमंडल का दर्जा नहीं मिल सका। लेकिन अब आदमपुर को गठबंधन सरकार ने नगरपालिका के रूप में नायाब तोहफा दिया है।

आदमपुर में अनेक सरकारी संस्थान

आदमपुर तहसील के अंतर्गत करीब 30 गांव और ब्लाक में 28 ग्राम पंचायतें है। आदमपुर तहसील और खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के अलावा यहां पुलिस थाना, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, 132 केवी बिजली घर, नागरिक अस्पताल, टेलीफोन एक्सचैंज, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आइटीआइ, राजकीय बहुतकनीकी, मार्केट कमेटी, अनाज मंडी, कपास मंडी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, किसान रेस्ट हाउस, डाकघर, खंड कृषि कार्यालय, फायर बिग्रेड कार्यालय, पीडब्लूडी बी एंड आर कार्यालय, डिस्पोजल घर, तीन जलघर, गैस एजेंसी, दर्जनों सरकारी औैर गैर सरकारी स्कूल-कालेज, करीब 10 पेट्रोल पंप, सरकारी व अर्धसरकारी बैंक, तेल, ग्वार व कपास की अनेक फैक्ट्रियां है।

समिति सदस्य बुधवार को जायेेंगे मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का आभार जताने

आदमपुर को नगरपालिका का दर्जा मिलने पर जन सेवा समिति का एक दल बुधवार को जजपा जिला अध्यक्ष रमेश गोदारा के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार जताने के लिए चंड़ीगढ के लिए रवाना होगा। समिति अध्यक्ष उग्रसेन ऐंचरा ने बताया कि रमेश गोदारा के प्रयासों के कारण आदमपुर को नगरपालिका का दर्जा मिला है एवं उनके नेतृत्व में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का आभार जताया जायेगा।