हरियाणा के हिसार में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, झाड़ियों में मिला शव
हिसार (Hisar News) के सेक्टर 16-17 में विश्वासपुरम के पास रजवाहे के नजदीक झाड़ियों में शुभम नामक एक युवक का शव मिला। नशे की ओवरडोज के कारण उसकी मौत हुई जिसके हाथ पर इंजेक्शन के निशान थे। वह बिहार का रहने वाला था और चिकन कार्नर पर काम करता था।

जागरण संवाददाता, हिसार। सेक्टर 16-17 में विश्वासपुरम के पास रजवाहे के नजदीक झाड़ियों में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिला। न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन में रहने वाले शुभम की नशे की ओवरडोज के कारण मौत हुई है। हाथ पर इंजेक्शन लगाने के निशान मिले हैं। युवक बिहार का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार मृतक शुभम जिंदल चौक के पास एक चिकन कार्नर पर काम करता था। उसका परिवार न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन में रहता है। स्वजन ने बताया कि शुभम मूलरूप से बिहार के सोनपुर जिले के कांगला घाट का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि करीब सात साल पहले शुभम की पत्नी उसे छोड़ कर चली गई।
उसके बाद से वह नशा करने लगा था। नशा करने के कारण उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती भी करवाया गया था। लेकिन उसके बाद फिर से नशा करना शुरू कर दिया। वह अक्सर चिकन कार्नर पर ही सो जाता था। घर कई दिनों के बाद जाता था। मंगलवार रात को वह चिकन कार्नर से गया था।
उसके बाद उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। सुबह पुलिस ने शुभम के मृत होने की सूचना दी। मृतक का आठ साल का बेटा है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। स्वजन के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम में नशे के कारण मौत होना सामने आया है। पुलिस विसरा जांच के लिए लैब में भेजेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।