विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के 482 साल पुराने मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, मिट्टी के बर्तनों में बना 56 भोग; लकड़ी और उपले की आंच से हुआ तैयार

Published: Mon, 09 Nov 2026 01:27 PM (IST)

हिसार के 482 साल पुराने श्री राधा कृष्ण बड़ा मंदिर में आज अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है

HighLights

  1. हिसार के 482 साल पुराने मंदिर में अन्नकूट महोत्सव आज

  2. भगवान को 56 भोग पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों में तैयार

  3. लकड़ी और गोबर के उपलों से चूल्हे पर पकाया प्रसाद

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के खजांचियान बाजार स्थित 482 वर्ष पुराने श्री राधा कृष्ण बड़ा मंदिर में 9 नवंबर को यानी आज अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

दीपावली के अगले दिन आयोजित होने वाले इस महोत्सव में भगवान श्री ठाकुर को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसमें बाजरे की खिचड़ी, कढ़ी, पंचमेल सब्जी, टिंड-फली, सूजी का हलवा, पुलाव, पूरी, आलू-गोभी की सब्जी, खट्टा-मीठा पेठा और मूली का लच्छा सहित विभिन्न व्यंजन शामिल होंगे।

मंदिर की खासियत है कि यहां आज भी अन्नकूट का प्रसाद वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार तैयार किया जाता है। प्रसाद बनाने में आधुनिक तरीकों के बजाय मिट्टी के बर्तनों और लकड़ी व गोबर के उपलों से जलने वाले चूल्हे का इस्तेमाल किया जाता है।

क्या है मान्यता?

मंदिर के महंत राहुल शर्मा ने बताया कि मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से बृजवासियों को बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा लिया था।

उस समय लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा से बचने के लिए सभी बृजवासी गोवर्धन पर्वत के नीचे एकत्रित हुए थे। भूख-प्यास से व्याकुल लोगों के लिए सामूहिक रूप से उपलब्ध खाद्य पदार्थों से तैयार किए गए व्यंजनों का भोग भगवान श्रीकृष्ण को लगाया गया था। इसी परंपरा से अन्नकूट प्रसाद की शुरुआत मानी जाती है।

सात दिन पहले से शुरू हो जाती है प्रसाद की तैयारी

महंत राहुल शर्मा ने बताया कि मंदिर में अन्नकूट के प्रसाद की तैयारी कई दिन पहले शुरू हो जाती है। भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय प्रसाद बाजरे की खिचड़ी और कढ़ी को विशेष पारंपरिक तरीके से बनाया जाता है।

कढ़ी तैयार करने के लिए अन्नकूट से करीब सात दिन पहले लस्सी एकत्रित की जाती है। इसे मिट्टी के बड़े बर्तनों, जिन्हें झांकर कहा जाता है, में रखा जाता है। इससे लस्सी में प्राकृतिक खटास और खुशबू आती है।

इसी तरह बाजरे की खिचड़ी के लिए करीब चार दिन पहले बाजरे को ऊखल-मूसल से कूटने की प्रक्रिया शुरू होती है। इसके बाद बाजरे से लाली निकालकर उसे साफ किया जाता है।

खिचड़ी पंचधातु के बड़े पात्र में तैयार की जाती है। वहीं कढ़ी और बाजरे की खिचड़ी को आज भी लकड़ी और गोबर के उपलों की आंच पर चूल्हे में पकाया जाता है। मंदिर में इस परंपरा को वर्षों से उसी तरीके से निभाया जा रहा है।

दोपहर को लगेगा ठाकुर जी को भोग 

अन्नकूट प्रसाद में बाजरे की खिचड़ी और कढ़ी के अलावा सूजी का हलवा, पंचमेल सब्जी, टिंड-फली, तले हुए पापड़, पुलाव, पूरी, आलू-गोभी की चटपटी सब्जी, खट्टा-मीठा पेठा और मूली का लच्छा भी तैयार किया जाएगा।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर दोपहर में भगवान श्री ठाकुर को अन्नकूट का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान मंदिर से जुड़े सेवादार अपनी सेवाएं देंगे।

कई मंदिरों में 10 नवंबर को मनाया जाएगा अन्नकूट पर्व

कई मंदिरों में 10 नवंबर को मनाया जाएगा। शहर के प्रमुख मंदिरों में नागौरी गेट के पास हनुमान मंदिर, बुधला संत मंदिर, देवी भवन मंदिर, शिवालय मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में भी अन्नकूट का पर्व हर साल मनाया जाता है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा का अनोखा मंदिर, जहां भगवान राम के बाद होती है रावण की पूजा; श्रीलंका से लाई गई ईंटों से बनी है नींव

यह भी पढ़ें- 'फोन आया और सब खत्म हो गया', गुरुग्राम के बादशाहपुर में पटाखों से विला में लगी आग; खुशियों के बीच छाया मातम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।