हरियाणा का अनोखा मंदिर, जहां भगवान राम के बाद होती है रावण की पूजा; श्रीलंका से लाई गई ईंटों से बनी है नींव
यमुनानगर के एक अनोखे मंदिर में दीपावली पर भगवान श्रीराम के साथ लंकापति रावण की भी पूजा की जाती है।
-1794210073204_m.webp)
फोटो एआई की सहायता से बनाई गई है।
HighLights
यमुनानगर में दीपावली पर श्रीराम और रावण की पूजा
रावण को विद्वान ब्राह्मण और शिवभक्त के रूप में पूजते हैं
पश्चिमी यमुना नहर किनारे दीपदान और दीपोत्सव का आयोजन
राहुल शर्मा, यमुनानगर। देशभर में दीपावली पर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में दीप जलाए जाते हैं, पर यमुनानगर में ऐसा मंदिर है, जहां दीपोत्सव के साथ रावण की पूजा भी होती है।
पश्चिमी यमुना नहर किनारे स्थित इस मंदिर में पहले भगवान श्रीराम का पूजन होता है, फिर ब्राह्मण रूप में विराजमान लंकापति रावण के सामने शीश झुकाए जाते हैं।
गणेश-लक्ष्मी पूजन के बाद मंदिर परिसर दीपों से जगमगा जाता है। मंदिर के सामने बह रही पश्चिमी यमुना नहर किनारे दीपदान भी किया जाता है। यानी यहां दीपावली का आयोजन अनूठी परंपरा का साक्षी बनता है।
पहले श्रीराम के दर्शन फिर रावण के सामने नमन
बाडीमाजरा के साथ लगते टपरी इलाके में स्थित इस मंदिर की देखरेख कर रहे नरेश ने बताया कि दीपावली पर विशेष पूजा-अर्चना होती है। सबसे पहले गणेश व मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। भगवान श्रीराम का पूजन किया जाता है, फिर रावण की प्रतिमा के सामने श्रद्धालु भी शीश झुकाते हैं।
मंदिर परिसर में दीप जलाए जाते हैं। पश्चिमी यमुना नहर किनारे दीपदान किया जाता है। यहां रावण को विद्वान ब्राह्मण व शिवभक्त के रूप में पूजा जाता है। यही इस मंदिर की सबसे अलग पहचान है।
श्रीलंका की दो ईंटों से जुड़ी कहानी
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार रेलवे में नौकरी करने वाले जंगलिया वानप्रस्थ श्रीलंका की यात्रा से दो ईंटें लेकर आए थे। इन्हीं से करुणा सागर शिव-पार्वती व तपस्वी राम लक्ष्मण जानकी मंदिर की नींव रखी गई।
मान्यता है कि उन्होंने बाद में नौकरी छोड़कर यहां कुटी बनाई और एक पैर पर खड़े होकर 14 वर्ष तक तपस्या की। परिसर में उनकी और उनकी पत्नी की समाधियां भी हैं।
1966 के शिलालेख में दर्ज है तारीख
मंदिर परिसर में लगे शिलालेख पर 24 मार्च 1966 की तारीख अंकित है। यहां शिव-पार्वती, श्रीराम-लक्ष्मण, मार्कंडेय ऋषि, शिवलिंग, नंदी महाराज व रावण की प्रतिमा स्थापित है।
दूसरे मंदिर में शनिदेव शिला रूप में पूजे जाते हैं। मंदिर यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पुल से पश्चिमी यमुना नहर किनारे टपरी क्षेत्र में स्थित है। दुर्गम रास्ते के कारण कम लोग ही मंदिर के बारे में जानते हैं।