विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की गलियों से निकल रचा इतिहास, फरीदाबाद के निशांत का परमाणु ऊर्जा केंद्र में चयन; कैसे हासिल की सफलता?

Published: Mon, 09 Nov 2026 01:01 PM (IST)

Faridabad Success Story: फरीदाबाद के सदपुरा गांव के निशांत वशिष्ठ नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में न्यूक्लियर साइंटिस्ट चुने गए हैं। ...और पढ़ें

गांव की गलियों से परमाणु ऊर्जा केंद्र तक पहुंचा सदपुरा का बेटा। जागरण

गांव की गलियों से परमाणु ऊर्जा केंद्र तक पहुंचा सदपुरा का बेटा। जागरण

HighLights

  1. निशांत वशिष्ठ नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में न्यूक्लियर साइंटिस्ट बने।

  2. फरीदाबाद के सदपुरा गांव से निकलकर हासिल की बड़ी उपलब्धि।

  3. बीटेक में गोल्ड मेडल विजेता, ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा।

निभा रजक, फरीदाबाद। Haryana News: सपने बड़े हो और उन्हें पूरा करने का जुनून हो तो गांव की छोटी-सी गलियों से निकलकर भी सफलता के बड़े आसमान तक पहुंचा जा सकता है।

फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र के गांव सदपुरा निवासी निशांत वशिष्ठ (Nishant Vashishtha) ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से इस बात को सच साबित कर दिखाया है। कभी किताबों के बीच बैठकर अपने भविष्य के सपने संजोने वाले निशांत आज नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में न्यूक्लियर साइंटिस्ट के पद पर चयनित होकर नई पहचान बना चुके हैं।

उनकी यह उपलब्धि केवल एक नौकरी हासिल करने की कहानी नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार प्रयास करते रहने की प्रेरक मिसाल है।

WhatsApp Image 2026-11-09 at 12.23.37

निशांत वशिष्ठ। जागरण

निशांत की सफलता का सफर रावल कॉन्वेंट स्कूल से शुरू हुआ। उन्होंने इसी स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने डॉ. बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जालंधर में केमिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने अपनी मेहनत और शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया। कठिन विषयों को समझने, लगातार अध्ययन करने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने का परिणाम रहा कि बीटेक में गोल्ड मेडल हासिल किया। यहीं से न्यूक्लियर साइंटिस्ट बनने का ख्वाब निशांत ने देखा।

परिवार का मिला सहयोग

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद निशांत गुजरात के सूरत स्थित कृभको में कार्यरत थे। यहां काम करने के दौरान भी उन्होंने अपने ज्ञान और अनुभव को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रखा। इसी क्रम में उनका चयन बुलंदशहर स्थित नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में न्यूक्लियर साइंटिस्ट के पद पर हुआ।

परमाणु ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक क्षेत्र में यह उपलब्धि उनके शैक्षणिक सफर का एक अहम पड़ाव है। निशांत की इस सफलता के पीछे परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। उनके पिता विजय उर्फ बिजेंद्र कुमार शिक्षक हैं।

शिक्षा के महत्व को समझने वाले पिता ने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनकी माता पूनम शर्मा गृहिणी हैं, जबकि छोटा भाई ध्रुव वशिष्ठ भी इंजीनियर है। परिवार में शिक्षा और मेहनत को महत्व देने की परंपरा ने निशांत के सपनों को नई दिशा दी।

युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बने निशांत

निशांत के गांव सदपुरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और सम्मानित किया। ग्रामीणों का कहना था कि निशांत ने अपनी उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता गांव के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।

निशांत की सफलता की कहानी यह संदेश देती है कि सफलता किसी बड़े शहर या खास पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। सही दिशा, शिक्षा, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से अपनी मंजिल हासिल की जा सकती है।

निशांत को इस उपलब्धि पर अजय सरपंच, शोभाराम मेहंबर, राधा, रमन, तुलसीराम, जय भगवान, परमानंद, बालकिशन शर्मा, जय नारायण और गुलाब सिंह सहित अन्य ने बधाई दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।