Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियााणा में सामान्य से 48 प्रतिशत अधिक बरसात, 2687 गांवों की 8.66 लाख एकड़ फसल नष्ट

    Updated: Fri, 05 Sep 2025 07:31 PM (IST)

    हरियाणा में भारी बारिश के कारण 12 जिलों में बाढ़ की स्थिति है जिससे फसलों और घरों को नुकसान हुआ है। 2687 गांवों की 8.66 लाख एकड़ फसल नष्ट हुई है। सरकार ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला है जहां किसान नुकसान दर्ज करा सकते हैं। प्रभावित क्षेत्रों के लिए 3.06 करोड़ रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई है और लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।

    Hero Image
    फतेहाबाद, झज्जर, कुरुक्षेत्र और महेंद्रगढ़ जिलों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में इस बार मानसून के मौसम में सामान्य से 48 प्रतिशत अधिक बरसात हुई है। पहाड़ों में हुई तेज बारिश के चलते राज्य से होकर गुजरने वाले नदी-नाले उफान पर पहुंच गए। राज्य के 12 जिले भारी बारिश, बाढ़ की स्थिति और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हैं। इन जिलों के 2,687 गांवों के एक लाख 46 हजार 823 किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर खराब हुई फसल का पंजीकरण करा चुके हैं। अभी तक 8 लाख 66 हजार 927 एकड़ कृषि भूमि पर फसलों के नुकसान की जानकारी दी गई है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहाबाद, झज्जर, कुरुक्षेत्र और महेंद्रगढ़ जिलों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा दर्ज की गई है। बारिश के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने 15 सितंबर तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल रखा है। 15 सितंबर तक नुकसान तीन से चार गुणा तक दर्ज होने की संभावना है।

    हरियाणा सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत उपायों के लिए जिलों को कुल 3.06 करोड़ रुपये की आरक्षित निधि स्वीकृत की है। इस धनराशि का उपयोग प्रभावित लोगों को भोजन और वस्त्र, विस्थापित परिवारों के लिए अस्थायी आश्रय और तंबू, पशुओं के लिए चारा और पीओएल (पेट्रोल, तेल और स्नेहक) सहित अन्य आवश्यक आवश्यकताओं के लिए किया जाएगा।

    हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी और विभाग के मंत्री विपुल गोयल समेत सभी मंत्री और अधिकारी भारी बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं।

    लगातार बारिश के कारण कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। सभी उपायुक्तों और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (डीडीएमए) को निर्देश दिया गया है कि वे हाई अलर्ट पर रहें और अपने-अपने क्षेत्राधिकार में जनता को मौसम संबंधी चेतावनियां और सुरक्षा सलाह समय पर उपलब्ध कराएं।

    बारिश से प्रभावित 2,247 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया

    डा. सुमिता मिश्रा के अनुसार बारिश से प्रभावित 2,247 लोगों को सकुशल राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। खासकर पलवल, फरीदाबाद, फतेहाबाद, भिवानी, कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों में प्रभावित लोगों की मदद की गई है। नावों, पेशेवर गोताखोरों और अन्य आपातकालीन उपकरणों सहित विशेष बचाव उपकरण तैनात किए जा रहे हैं।

    एसडीआरएफ की इकाइयां सात जिलों पलवल, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और फरीदाबाद में तैनात की गई हैं, जबकि एनडीआरएफ की टीमें पलवल में अतिरिक्त विशेष सहायता प्रदान कर रही हैं।

    मकान ढहने से मरे लोगों के परिजनों को 44 लाख की मदद

    वित्तायुक्त सुमिता मिश्रा के अनुसार हरियाणा सरकार की ओर से फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों में मकान ढहने से मारे गए व्यक्तियों के शोक संतप्त परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 44 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। प्रत्येक परिवार को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गई है।

    शहरी क्षेत्रों में जल निकासी के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को आरक्षित निधि के रूप में 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक कवरेज सुनिश्चित हो सके। सिंचाई एवं जल संसाधन तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग आवश्यकतानुसार जल निकासी कार्यों में तेजी लाने के लिए पंप सुनिश्चित कर रहे हैं।

    comedy show banner
    comedy show banner