विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टीवी पर मनु भाकर को शूटिंग करते देख ली प्रेरणा, 4 साल की मेहनत के बाद किसान की बेटी ने नेशनल चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:54 AM (IST)

हिसार की 14 वर्षीय आयुषी ने देहरादून में आयोजित 35वीं आल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता ...और पढ़ें

14 साल की आयुषी ने गोल्ड मेडल जीता (फाइल फोटो)

14 साल की आयुषी ने गोल्ड मेडल जीता (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 14 वर्षीय आयुषी ने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण जीता

  2. मनु भाकर से प्रेरित होकर चार साल अभ्यास के बाद उपलब्धि

  3. हिसार की बेटी ने 10 मीटर एयर पिस्टल में कमाल किया

सुभाष चंद्र, हिसार। टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखकर एक बच्ची ने भी निशानेबाज बनने का सपना देखा। चार साल तक लगातार अभ्यास और मेहनत के बाद अब 14 साल की आयुषी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

गांव रावलवास खुर्द निवासी आयुषी ने उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 35वीं आल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर हिसार का नाम रोशन किया है।

उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल के सब-यूथ विमेन व्यक्तिगत वर्ग में 375.8 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक देहरादून के रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में प्रतियोगिता आयोजित हुई।

इसमें देशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। आयुषी ने शानदार निशानेबाजी करते हुए चार सीरीज में क्रमश: 95, 94, 92 और 94 अंक हासिल किए। इस तरह कुल 375.8 अंक के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

मनु भाकर को टीवी पर देखकर लिया था निशानेबाज बनने का फैसला 

आयुषी ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखा था। मनु भाकर की निशानेबाजी से प्रभावित होकर उनके मन में भी इस खेल में आगे बढ़ने का विचार आया।

इसके बाद उन्होंने शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया। शुरुआत में खेल को समझने और निशानेबाजी की बारीकियां सीखने के बाद उन्होंने कोच संजय मलिक के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास किया। लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर अब उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है।

खेल महाकुंभ में भी जीत चुकी हैं रजत पदक

आयुषी इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। पिछले महीने आयोजित खेल महाकुंभ में उन्होंने रजत पदक जीता था। वहीं, पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पांचवीं रैंक हासिल की थी।

इसी वर्ष स्कूटी गेम्स में भी उन्होंने चौथा स्थान प्राप्त किया था। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते आयुषी ने निशानेबाजी में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है।

किसान की बेटी हैं आयुषी 

आयुषी गांव रावलवास खुर्द निवासी किसान विनोद मोनू सिहाग की बेटी हैं। वह राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा हैं। परिवार में उनका एक छोटा भाई भी है, जो क्रिकेट खिलाड़ी है।

पढ़ाई के साथ-साथ आयुषी नियमित रूप से शूटिंग का अभ्यास करती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विधायक चंद्र प्रकाश, गांव के सरपंच राजेश झाझड़िया सहित ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने आयुषी व उनके परिवार को बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि आयुषी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर गांव के साथ हिसार जिले का नाम रोशन किया है।

यह भी पढ़ें- हिसार से बीकानेर रेलसेवा 9 दिसंबर तक रद, बीकानेर-हिसार ट्रेन रतनगढ़ तक चलेगी

यह भी पढ़ें- यमुनानगर-पंचकूला हाईवे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित स्विफ्ट ने क्रेटा के उड़ाए परखच्चे; 5 घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।