यमुनानगर-पंचकूला हाईवे पर भीषण हादसा, अनियंत्रित स्विफ्ट ने क्रेटा के उड़ाए परखच्चे; 5 घायल
यमुनानगर-पंचकूला हाईवे पर फतेहगढ़ फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार चालक ने नशे में धुत होकर डिवाइडर पार ...और पढ़ें

यमुनानगर-पंचकूला हाईवे पर भीषण सड़क हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
नशे में धुत चालक ने डिवाइडर पार कर टक्कर मारी
यमुनानगर-पंचकूला हाईवे पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए
उमेश भार्गव, शहजादपुर। यमुनानगर- पंचकूला हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नशे में धुत एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए डिवाइडर पार कर सामने से आ रही क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और वाहन सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भयंकर थी कि क्रेटा कार और स्विफ्ट कार दोनों के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने इस मामले में आरोपित चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यमुनानगर पंचकूला हाईवे पर स्थित फतेहगढ़ फ्लाई ओवर के पास यह घटना घटी। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार मोहन लाल सैनी निवासी गांव घडौली ने बताया कि वह अपनी कार में सवार होकर अपने साथी के साथ गांव घडौली से शहजादपुर की तरफ जा रहे थे। कार सामान्य गति से अपनी सही दिशा में चल रही थी।
जब उनकी गाड़ी यमुनानगर पंचकूला हाईवे पर फतेहगढ़ फ्लाई ओवर के पास पहुंची, तो विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर के ऊपर से उछलकर सीधे उनकी क्रेटा कार के सामने आ गई और जोरदार टक्कर मार दी।
नशे की हालत में था स्विफ्ट कार का चालक
शिकायत के मुताबिक स्विफ्ट कार का चालक मयंक सैनी निवासी जमाधरी, यमुनानगर की तरफ से अत्यंत तीव्र गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों और मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार आरोपी चालक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया हुआ था। नशे की इस हालत के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे उसकी गाड़ी डिवाइडर फांदकर गलत दिशा में आ गई और सामने से आ रही क्रेटा कार में सीधी टक्कर मार दी।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए, जिनमें जतिन सैनी निवासी गांव घडौली व अन्य लोग शामिल थे। इन लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्रेटा कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
दुर्घटना में मोहन लाल सैनी, आशीष निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ व अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय सहायता से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहजादपुर में पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल अंबाला शहर और सेक्टर 06 पंचकूला रेफर कर दिया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस वीकल और संबंधित थाना शहजादपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और हाईवे के बीच में खड़े दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को प्राइवेट क्रेन की सहायता से किनारे करवाकर यातायात को सुचारू कराया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाने की प्रक्रिया पूरी की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।