संगठन को मजबूत कर सरकार के प्रयासों को साकार करूंगी: गार्गी कक्कड़
नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा सत्येंद्र सिंह गुरुग्राम भाजपा जिला अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार थे।
भाजपा जिला अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार थे। सभी की दावेदारी को दरकिनार करते हुए पार्टी संगठन ने पार्टी की पुरानी कार्यकर्ता तथा कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाली गार्गी कक्कड़ को जिला अध्यक्ष बनाया है। हालांकि पहले उनका नाम अध्यक्ष पद के लिए सामने आया था, पर यह भी बात सामने आई थी कि गार्गी ने वरिष्ठ नेताओं से पद लेने से मना कर दिया है। कई नामों को देखने के बाद पार्टी संगठन ने जब उनके नाम पर ही मुहर लगाई तो उन्होंने जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। गार्गी कक्कड़ जिला अध्यक्ष बनने के बाद कैसे संगठन को आगे ले जाएंगी और कार्यकर्ताओं को एक साथ किस तरह रखेंगी इस पर नव नियुक्त जिला अध्यक्ष ने दैनिक जागरण के सत्येंद्र सिंह से बात की। पेश हैं मुख्य अंश:
सबसे पहले तो आपको बधाई, पहले भी इस बात के संकेत मिले थे कि जिम्मेदारी आपको ही मिलेगी पर आपकी ओर से मना किया जा रहा था क्या हुआ था?
देखिए, मैं वर्ष 1992 से पार्टी से जुड़ी हुई हूं तब से कई उतार चढ़ाव देखे पर पार्टी के लिए सच्चाई से काम करती रही। वरिष्ठ नेताओं का भी सहयोग मिलता रहा है। पहले तो हमने अपनी बात रखी थी पर जब संगठन ने जिम्मेदारी दी तो उसे पूरी ईमानदारी के साथ निभाना हमारा पहला धर्म है।
अब आपका अगला कदम क्या होगा?
हम संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। संगठन की मजबूती की बदौलत ही आज हमारी पार्टी की केंद्र में व प्रदेश में सरकार है। पार्टी के साथ और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने की दिशा में नए सिरे से काम करना हमारा काम आज से ही शुरू हो गया है। हर कार्यकर्ता की बात सुनी जाएगी। सरकारी की योजनाओं का लाभ लाभार्थी को मिले इसके लिए पूरा प्रयास करूंगी। प्रशासन में सिगल विडो सिस्टम शुरू हुआ है। पात्र व्यक्तियों के खाते में सीधे पेंशन की राशि पहुंच रही है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। फिर भी कहीं कमी आई है, तो संगठन के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी पड़ताल करेंगे और सरकार तक बात पहुंचाएंगे।
भाजपा के ही कार्यकर्ता यह कहते हैं कि अधिकारी उनकी नहीं सुनते हैं, इस पर आपका क्या कहना है?
कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं उनका सम्मान होना चाहिए। अगर कोई आमजन हो या पार्टी का कार्यकर्ता वह अपनी सही बात लेकर किसी अधिकारी के पास जा रहा है तो उसे सुनना और काम करना पड़ेगा। यह हमारी सरकार के भी निर्देश हैं। मैं, पहले पार्षद रही हूं और सरकार दूसरे दलों की थी तब भी लोगों के जायज काम कराती रहीं हूं। बाक्स
राजनीतिक सफर
वर्ष 1992 में गार्गी भाजपा बूथ समिति की सदस्य बनी थीं। उसके बाद पार्टी महिला मोर्चा की जिला महामंत्री बनीं। महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने के साथ पार्षद बनीं। भाजपा सरकार बनने के बाद हरियाणा खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की चेयरपर्सन रहीं। इसके साथ ही प्रदेश सचिव की भी जिम्मेदारी निभाई। रेवाड़ी व फरीदाबाद जिला के लिए पार्टी प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभाई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।