विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, दो ट्रालों की टक्कर के बाद लगी आग; केबिन में सो रहा हेल्पर जिंदा जला

Published: Fri, 30 Oct 2026 09:04 PM (IST)

पटौदी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राठीवास फ्लाईओवर पर देर रात दो ट्रालों की भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद एक ...और पढ़ें

राठीवास फ्लाईओवर के निकट दो ट्रालों में हुई भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त पिछला ट्राला। फोटो: सुधि पाठक

राठीवास फ्लाईओवर के निकट दो ट्रालों में हुई भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त पिछला ट्राला। फोटो: सुधि पाठक

HighLights

  1. राठीवास फ्लाईओवर पर दो ट्रालों की भीषण भिड़ंत हुई।

  2. टक्कर के बाद एक ट्राले में लगी भीषण आग।

  3. केबिन में सो रहे हेल्पर की जिंदा जलकर मौत।

जागरण संवाददाता, पटौदी। दिल्ली-जयपुर हाईवे के राठीवास फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार देर रात लगभग डेढ़ बजे दो ट्रालों की भीषण भिड़ंत के बाद एक ट्राले में आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि केबिन में सो रहा हेल्पर बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। हादसे के दौरान चालक और एक अन्य हेल्पर ने केबिन से कूदकर अपनी जान बचाई।

दोनों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

दो ट्रालों की टक्कर के बाद केबिन में लगी आग

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात राजस्थान से गुरुग्राम की ओर दो ट्राले आगे-पीछे जा रहे थे। आगे चल रहे ट्राले में टाइलें और पीछे वाले ट्राले में जीरो रोड़ी लदी हुई थी।

राठीवास फ्लाईओवर की ढलान पर पहुंचते ही आगे चल रहे ट्राले के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रहा ट्राला चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे आगे वाले ट्राले से जा टकराया।

टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे चल रहे ट्राले के केबिन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया।

सो रहे हेल्पर की जिंदा जलने से मौत

हादसे के समय केबिन में चालक और दो हेल्पर मौजूद थे। आग लगते ही चालक ने बाहर छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके घुटनों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

वहीं, जाग रहे एक हेल्पर ने भी किसी तरह केबिन से कूदकर जान बचाई, लेकिन उसके हाथ-पैर झुलस गए। केबिन में सो रहा दूसरा हेल्पर आग की चपेट में आ गया और बाहर नहीं निकल सका।

हादसे की सूचना पर बिलासपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इसके बाद पुलिस ने केबिन में बुरी तरह झुलसे हेल्पर को पटौदी के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के गांव बबेड़ी निवासी योगेश के रूप में हुई है।

ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर थाना पुलिस ने आगे चल रहे ट्राले के चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने और अचानक ब्रेक लगाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- प्रिंस हत्याकांड की सुनवाई को मिलेगी रफ्तार, गुरुग्राम कोर्ट को 6 महीने में पूरा करना होगा ट्रायल; HC का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।