गुरुग्राम के सोहना में कुप्रबंधन, करोड़ों ठेका देने के बावजूद कूड़े का ढेर, परेशान लोग
करोड़ों रुपये के ठेके के बावजूद सोहना में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था पटरी पर नहीं है, जिससे शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग रहे हैं।
-1795539925866_m.webp)
करोड़ों के ठेके के बावजूद सोहना में कूड़े के ढेर ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
करोड़ों के ठेके के बावजूद सोहना में अनियमित कूड़ा उठान।
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह विफल, गलियों में गंदगी।
नगर परिषद चेयरपर्सन ने सुधार का आश्वासन दिया।
आदित्य राज, सोहना। गुरुग्राम को साफ-सुथरा रखने के लिए नगर परिषद की ओर से करोड़ों रुपये का ठेका दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है।
डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा। कहीं कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कई-कई दिन तक नहीं पहुंचती तो कहीं बिना निर्धारित समय के वाहन पहुंचकर कुछ ही देर में निकल जाते हैं।
नालियों में जमा हो रहा कूड़ा...
ऐसे में घरों का कूड़ा गलियों और चौक-चौराहों पर जमा हो रहा है। गार्बेज टैक्स देने के बावजूद नियमित कूड़ा उठान नहीं होने से शहरवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों का आरोप है कि कूड़ा उठाने का ठेका लेने वाले ठेकेदार की मनमर्जी चल रही है। वॉर्डों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों के आने का कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं है। कई बार वाहन पहुंचते भी हैं, तो चौक-चौराहों पर दो मिनट तक नहीं रुकते।
अनियमित व्यवस्था से लोग परेशान..
इससे लोग अपने घरों का कूड़ा गाड़ी में डाल भी नहीं पाते। सीमित संसाधनों और अनियमित व्यवस्था के कारण लोगों को मजबूरन कूड़ा खुले में डालना पड़ रहा है। शहर के फव्वारा चौक, खेल चौक, लेबर चौक, तिकोना पार्क और राजीव गांधी पार्क सहित कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नियमित नहीं होने के कारण आम रास्तों और गलियों में भी गंदगी फैल रही है। कई जगह कूड़े के आसपास बेसहारा पशु घूमते रहते हैं। स्थिति यह है कि नगर परिषद चेयरपर्सन के नाम और निवास के दिशा-सूचक बोर्ड के आसपास भी गंदगी दिखाई देती है।
कुप्रबंधन से जनप्रतिनिधि भी खफा..
शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग फव्वारा चौक और तिकोना पार्क के आसपास सफाई व्यवस्था की स्थिति नगर परिषद के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था को लेकर केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि नगर परिषद के जनप्रतिनिधि भी नाराज हैं।
पार्षद नीरज सिंगला, सुनीता गर्ग और मोगली एडवोकेट ने कूड़ा उठान की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए परिषद के अधिकारियों और चेयरपर्सन के समक्ष मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी लोगों को नियमित सफाई की सुविधा नहीं मिल रही है।
शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुछ स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां घरों से एकत्रित कूड़ा जमा किया जाता है। इसके बाद जेसीबी की सहायता से ट्रैक्टरों में भरकर शहर से दूर कूड़ा केंद्र तक पहुंचाया जाता है। ठेकेदार की कुछ खामियां सामने आ रही हैं। इस संबंध में उससे जवाब मांगा जाएगा और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।--- प्रीति बागड़ी, चेयरपर्सन, नगर परिषद सोहनायह भी पढ़ें- कासगंज-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन पर अराजक तत्वों ने किया पथराव, बाल-बाल बचे यात्री
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।