विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोहना को मिलेगा 341 करोड़ का फ्लाईओवर, जाम से मुक्ति और विकास की नई रफ्तार

Published: Tue, 03 Nov 2026 01:34 AM (IST)

सोहना में 341 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पौने तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को सड़क परिवहन मंत्रालय से ...और पढ़ें

सोहना को मिलेगा 341 करोड़ का फ्लाईओवर ( एआई जेनरेटेड इमेज )

सोहना को मिलेगा 341 करोड़ का फ्लाईओवर ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. सोहना में 341 करोड़ का फ्लाईओवर स्वीकृत।

  2. शहर को भीषण जाम से मिलेगी राहत।

  3. कनेक्टिविटी सुधरेगी, व्यापार को बढ़ावा।

सतीश राघव, सोहना। साइबर सिटी गुरुग्राम से सटे सोहना की तस्वीर आने वाले समय में बदलने वाली है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और विकास की नई राह खोलने के लिए 341 करोड़ रुपये की लागत से पौने तीन किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा।

सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए पर प्रस्तावित इस परियोजना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) से मंजूरी मिल गई है। फ्लाईओवर का निर्माण शहर की चुंगी नंबर एक से शुरू होकर नूंह जिले की सीमा पर स्थित हर्बल पार्क तक किया जाएगा।

मिलेगी भविष्य की जरूरतों को नई दिशा

यह परियोजना केवल जाम से राहत देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सोहना के विकास और भविष्य की जरूरतों को भी नई दिशा देगी। दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर हाईवे और मानेसर-कुंडली राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर आवागमन आसान होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

इससे व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और आसपास के गांवों से शहर तक पहुंचने वाले लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग की ओर से केंद्र सरकार से मंजूरी लेने के बाद परियोजना का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया था। अब मंत्रालय की स्वीकृति मिलने से इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

शहर के बीच जाम से मिलेगी मुक्ति, आसान होगा सफर

सोहना शहर में दमदमा मोड़, चिल्ड प्वाइंट, बस स्टैंड से अंबेडकर चौक तक प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं अनाज मंडी से अस्पताल होते हुए फव्वारा चौक तक भी वाहन रेंगते नजर आते हैं। कई बार कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में आधे घंटे तक लग जाते हैं।

इससे स्थानीय निवासियों के साथ आसपास के गांवों से आने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। शहर के व्यापारी दीपक गर्ग, रोहतास जैन, विकास गुप्ता, महेश अग्रवाल और रोहतास सिंगला का कहना है कि गुरुग्राम से सोहना पहुंचने में जितना समय लगता है, कई बार उतना ही समय दमदमा मोड़ से चिल्ड प्वाइंट और अनाज मंडी से फव्वारा चौक तक पहुंचने में लग जाता है।

दीपक गर्ग ने बताया कि दमदमा मोड़ पर लगने वाला जाम उनके शोरूम तक पहुंच जाता है। फ्लाईओवर बनने से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

कनेक्टिविटी से बढ़ेगा निवेश

सोहना के विधायक तेजपाल तंवर का कहना है कि यह फ्लाईओवर सोहना को विकास की धुरी से जोड़ने का काम करेगा। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी और व्यापारियों के कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

आवागमन सुगम होने से शहर में विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने इस परियोजना को मंजूरी देने के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार का आभार जताया।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के चर्चित डॉक्टर ओपी आनंद को बड़े भाई ने मारी गोली, संपत्ति विवाद में खूनी खेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।