विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम : 5 दशक के बाद भी बदहाल सोहना का अस्पताल, अब तक नहीं निकला कोई समाधान, मरीज भी परेशान

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:54 AM (IST)

सोहना नागरिक अस्पताल में 50 साल से सीवर लाइन की स्थायी व्यवस्था नहीं है, जिससे गंदा पानी गड्ढों में जमा होता है और टैंकरों से खाली कराना पड़ता है।

पांच दशक के बाद बदहाल पड़ा सोहना का अस्पताल ( फोटो स्रोत : जागरण )

पांच दशक के बाद बदहाल पड़ा सोहना का अस्पताल ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. अस्पताल में 50 साल से सीवर का स्थायी कनेक्शन नहीं।

  2. गंदा पानी गड्ढों में जमा, टैंकरों से खाली कराना पड़ता है।

  3. संक्रमण का खतरा और सरकारी धन का अनावश्यक खर्च।

आदित्य राज, गुरुग्राम। सरकारें बदलीं, जनप्रतिनिधि बदले और अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदलती रहीं, लेकिन सोहना के नागरिक अस्पताल की सीवर व्यवस्था का समाधान पांच दशक बाद भी नहीं निकल सका।

अस्पताल की स्थापना के करीब 50 वर्ष बाद भी इसका सीवर कनेक्शन मुख्य सीवर लाइन से नहीं जुड़ पाया है। नतीजतन अस्पताल का गंदा पानी परिसर में बनाए गए तीन गड्ढों में जमा किया जा रहा है।

लगातार खर्च हो रहा सरकारी बजट..

इन गड्ढों को खाली कराने के लिए हर दस दिन में सीवर टैंकर बुलाना पड़ता है। इस अस्थायी व्यवस्था पर स्वास्थ्य विभाग का सरकारी बजट लगातार खर्च हो रहा है।

अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी मरीजों और कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सीवर व्यवस्था जैसी जरूरी सुविधा का स्थायी समाधान नहीं होना अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

अस्पताल को मजबूरी में अस्थायी व्यवस्था के सहारे काम चलाना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में बने तीन गड्ढों में गंदा पानी जमा होता है। इनके भरने पर टैंकर बुलाकर खाली कराना पड़ता है। बार-बार टैंकर मंगवाने से सरकारी धन खर्च होने के साथ अस्पताल प्रबंधन को अतिरिक्त व्यवस्था भी करनी पड़ती है।

अगर अस्पताल का कनेक्शन मुख्य सीवर लाइन से जोड़ दिया जाए, तो इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों की आवाजाही, संक्रमण का खतरा

सोहना नागरिक अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 से 700 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों के साथ उनके परिजन और अस्पताल का स्टाफ भी दिनभर परिसर में मौजूद रहता है। ऐसे में सीवर के गड्ढों में गंदा पानी जमा होने और इनके ओवरफ्लो होने की आशंका से संक्रमण का खतरा बना रहता है।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर स्वच्छता और सीवर व्यवस्था का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद पांच दशक से समस्या का समाधान नहीं होना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विभागीय समन्वय पर सवाल उठाता है।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ रणविजय सिंह का कहना है कि सीवर व्यवस्था की समस्या उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। इसके स्थायी समाधान के लिए कई बार संबंधित विभागों को फाइल भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

1976 में हुआ था अस्पताल भवन का उद्घाटन

सोहना नागरिक अस्पताल के भवन का उद्घाटन 22 मार्च 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता ने किया था। करीब पांच दशक पहले शुरू हुए अस्पताल में आज भी सीवर व्यवस्था का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार मांग उठाने के बावजूद मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन नहीं जुड़ने के कारण सरकारी बजट से टैंकरों पर लगातार खर्च किया जा रहा है। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेकर अस्पताल को मुख्य सीवर लाइन से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए, ताकि मरीजों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें- रात में अंधेरी सड़कों पर अब नहीं चलेगी लापरवाही, खराब स्ट्रीट लाइट तुरंत ठीक कराएगा निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।