प्रदूषण को लेकर पंजाबी बिरादरी महासंगठन ने संभाला मोर्चा, चलाया जागरूकता अभियान, लोगों से की ये अपील
पंजाबी बिरादरी महासंगठन गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। संगठन यज्ञ, योग और प्राणायाम जैसी भारतीय जीवनशैली को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।

प्रदूषण को लेकर पंजाबी बिरादरी महासंगठन ने संभाला मोर्चा ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
पंजाबी बिरादरी महासंगठन वायु प्रदूषण के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाएगा।
संगठन भारतीय जीवनशैली के यज्ञ, योग, प्राणायाम को बढ़ावा देगा।
मोहल्लों, पार्कों में सामूहिक पहल से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाएगा।
आदित्य राज, गुरुग्राम। बढ़ते वायु प्रदूषण के विरुद्घ पंजाबी बिरादरी महासंगठन जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। संगठन के आगामी कार्यक्रमों में प्रदूषण के दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारी भी विभिन्न आयोजनों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। महासंगठन के चेयरमैन एवं उद्योगपति बोधराज सीकरी ने कहा कि जहरीली हवा के कारण श्वसन तंत्र संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। केवल सरकारी नीतियों और कानूनों के भरोसे प्रदूषण से मुकाबला संभव नहीं है, इसके लिए समाज की भागीदारी जरूरी है।
बढ़ानी होगी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता
उन्होंने भारतीय जीवनशैली में शामिल यज्ञ, योग और प्राणायाम को सामूहिक अभियान का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गिलोय, नीम, गुग्गुल, कपूर और लोबान जैसी औषधीय सामग्री से यज्ञ करने की परंपरा पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाती है।
वहीं भस्त्रिका, कपालभाति और अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम फेफड़ों की क्षमता और श्वसन स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं। जलनेति और सूत्रनेति जैसी योग क्रियाएं भी नासिका मार्ग की सफाई में सहायक होती हैं।
शिविर आयोजित करने की अपील
बोधराज सीकरी ने मंदिरों, आर्य समाज, गुरुकुल और सामाजिक संस्थाओं से सुबह-शाम सामूहिक यज्ञ तथा निश्शुल्क योग-प्राणायाम शिविर आयोजित करने की अपील की।
उनका कहना है कि मोहल्लों और पार्कों में ऐसी सामूहिक पहल से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- बल्लभगढ़ में अब हाईवे पर नहीं लगेगा जाम, बनाया गया ये प्लान, वाहन चालकों को मिलेगी राहत