पोर्नानान्ग फाटलम ने चौथी बार जीता हीरो महिला इंडियन ओपन का खिताब, वाणी कपूर उपविजेता रहीं
थाईलैंड की पोर्नानान्ग फाटलम ने चौथी बार हीरो महिला इंडियन ओपन का खिताब जीता। उन्होंने अंतिम दौर में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय गोल्फर वाणी कपूर दूसरे स्थान पर रहीं।
-1792940796820_m.webp)
पोर्नानान्ग फाटलम ने हीरो महिला इंडियन ओपन का खिताब, जागरण।
HighLights
पोर्नानान्ग फाटलम ने चौथी बार हीरो महिला इंडियन ओपन जीता।
वाणी कपूर ने दूसरा स्थान हासिल कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
पोर्नानान्ग ने संन्यास के विचार के बाद शानदार वापसी की।
आदित्य राज, गुरुग्राम। हीरो महिला इंडियन ओपन में भारतीय गोल्फ प्रेमियों को जिस ऐतिहासिक पल का इंतजार था, वह इस बार भी अधूरा रह गया। डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में रविवार को थाईलैंड की अनुभवी गोल्फर पोर्नानान्ग फाटलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
तीन बार की चैंपियन फाटलम ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, घरेलू मैदान पर इतिहास रचने की उम्मीद लेकर उतरीं भारतीय गोल्फर वाणी कपूर खिताब जीतने से चूक गईं। वाणी के पास वर्ष 2016 के बाद यह प्रतिष्ठित खिताब भारत वापस लाने का अवसर था, लेकिन अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी।
चार शॉट से पीछे रह गईं वाणी कपूर
चार दिनों में 11 अंडर 277 के स्कोर के साथ उन्होंने भारतीय गोल्फर वाणी कपूर को चार शॉट से पीछे छोड़ दिया। अमेरिका की एलपीजीए टूर पर खेलने वाली 36 वर्षीय पोर्नानान्ग ने इससे पहले 2008, 2009 और 2012 में यह खिताब जीता था। उनके शुरुआती तीन खिताब निकटवर्ती अर्नोल्ड पामर कोर्स पर आए थे।
पोर्नानान्ग और वाणी के बीच मुकाबला
अंतिम दिन एक समय एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और हीरो ब्रांड एंबेसडर प्रणवी उर्स ने चुनौती पेश की, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से पोर्नानान्ग और वाणी के बीच सिमट गया। वाणी ने 73, 69, 69 और 70 के कार्ड के साथ सात अंडर 281 का स्कोर बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
गत चैंपियन शैनन टैन कलाई में दर्द के बावजूद खेलीं और चार अंडर 284 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। चेक गणराज्य की सारा कौसकोवा और प्रणवी उर्स तीन अंडर 285 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहीं। भारत की त्वेसा मलिक एक अंडर 287 के स्कोर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहीं। इस तरह शीर्ष दस में तीन भारतीय गोल्फर शामिल रहीं।
वाणी ने दी कड़ी टक्कर, एलईटी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
अंतिम दौर से पहले एक शॉट की बढ़त के साथ उतरीं वाणी कपूर ने शुरुआती पांच होल में चार बर्डी लगाकर शानदार शुरुआत की। हालांकि, नौवें होल पर छोटा बर्डी पुट चूकने के बाद उनकी लय प्रभावित हुई। दूसरे नौ होल में दबाव के कारण कुछ शाट गंवाने के बावजूद उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) परिणाम हासिल किया।
वाणी ने कहा कि उन्होंने अपना शत-प्रतिशत दिया। उनके अनुसार दबाव में कुछ शाट के लिए सही दूरी और गेंद चूकने की संभावित दिशा का आकलन करना चुनौतीपूर्ण रहा।
भारत को घर जैसा मानती हैं पोर्नानान्ग
पोर्नानान्ग ने कहा कि भारत उन्हें घर जैसा लगता है। यहां चौथी जीत उनके लिए सबसे खास है, क्योंकि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह दोबारा यह खिताब जीत पाएंगी। उन्होंने वर्ष की शुरुआत में संन्यास लेने तक के बारे में सोचा था, लेकिन 2024 में एप्सन टूर पर जीत से एलपीजीए में वापसी के बाद उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है।
अब वह आगे भी टूर पर खेलना और अधिक खिताब जीतना चाहती हैं। इस जीत से आगामी सत्र में उनके एलईटी पर भी अधिक खेलने की संभावना बढ़ेगी। विजेता को हीरो मोटोकार्प के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक डा. पवन मुंजाल ने ट्राफी प्रदान किया।
