विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाइजीरिया तक पहुंची गुरुग्राम के चंदू गांव की महिलाओं की कामयाबी, SHG से लेंगी सफलता का मंत्र

Published: Thu, 19 Nov 2026 02:12 PM (IST)

नाइजीरिया का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गुरुग्राम के चंदू गांव पहुंचा, जहां उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर ...और पढ़ें

नाइजीरिया से आने वाला प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव और कामकाज की जानकारी लेगा। एआई इमेज

नाइजीरिया से आने वाला प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव और कामकाज की जानकारी लेगा। एआई इमेज

HighLights

  1. नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल ने चंदू गांव में SHG मॉडल का अध्ययन किया।

  2. महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका के सफल मॉडल देखे गए।

  3. हरियाणा की ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।

महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)। भारत में ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तीकरण के सफल मॉडलों का अध्ययन करने आया नाइजीरिया का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को चंदू गांव पहुंचेगा। यहां प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव और कामकाज की जानकारी लेगा।

महिलाओं की सफलता की कहानी पहुंचेगी नाइजीरिया

ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और सामूहिक प्रयासों से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने वाली चंदू गांव की महिलाओं की सफलता की कहानी अब नाइजीरिया तक पहुंचेगी। 

आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ीं

गांव के सामुदायिक केंद्र में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूजा शर्मा के नेतृत्व में संचालित क्षितिज स्वयं सहायता समूह विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रतिनिधिमंडल समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, उत्पादन की प्रक्रिया और उनके उद्यम से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन करेगा। महिलाएं बताएंगी कि किस तरह समूह से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिले और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ीं।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत करेंगे

कार्यक्रम में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी प्रतिनिधिमंडल को मिशन की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों की जानकारी देंगे। इसके बाद विदेशी प्रतिनिधि क्षितिज स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत करेंगे। इस दौरान समूह के गठन, प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग, उत्पाद निर्माण और बाजार से जुड़ाव जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

समूह से जुड़कर महिलाएं बना रहीं अपनी अलग पहचान

चंदू गांव का यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इसमें योजनाओं की जानकारी सरकारी अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन महिलाओं के अनुभव भी सामने आएंगे, जिन्होंने सामूहिक प्रयासों से अपनी आर्थिक स्थिति बदलने की पहल की है। प्रतिनिधिमंडल यह समझने का प्रयास करेगा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और परिवार की आय बढ़ाने में किस तरह मददगार साबित हो रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे अपनी सफलता

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संगठित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। चंदू गांव में होने वाला यह संवाद हरियाणा की ग्रामीण महिलाओं के उद्यमशीलता के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर बनेगा।

जिला परिषद के सीईओ ने क्या?

जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार का कहना है कि राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी एवं पीआर) की ओर से आयोजित अध्ययन दौरे के तहत नाइजीरिया के नेशनल कैश ट्रांसफर ऑफिस के प्रतिनिधि भारत आए हुए हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत में सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण आजीविका, रोजगार सृजन और महिला सशक्तीकरण के लिए अपनाए जा रहे प्रभावी माॅडलों को समझना है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में चल रहा था विदेशी नागरिकों को ठगने का 'इंटरनेशनल खेल', पुलिस ने अचानक मारा छापा; 17 गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में मतांतरण का भंडाफोड़, आरोपित गिरफ्तार, पिछले 10 साल से चल रहा था धर्मांतरण का खेल 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।