विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में मतांतरण का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार, पिछले 10 साल से चल रहा था धर्मांतरण का खेल 

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:20 AM (IST)

गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली से 10 साल से अधिक समय से मतांतरण की पाठशाला चला रहे मास्टरमाइंड प्रवीण उर्फ डॉ. पीटर जॉन मलकर को गिरफ्तार किया है।

गुरुग्राम में 10 साल से मतांतरण की पाठशाला चला रहा मास्टरमाइंड डॉक्टर पीटर गिरफ्तार ( फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम में 10 साल से मतांतरण की पाठशाला चला रहा मास्टरमाइंड डॉक्टर पीटर गिरफ्तार ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. गुरुग्राम पुलिस ने मतांतरण के मास्टरमाइंड को दिल्ली से दबोचा।

  2. आरोपी 10 साल से 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल' एनजीओ चला रहा था।

  3. झुग्गियों में बच्चों का ब्रेनवॉश कर मतांतरण के लिए प्रेरित करता था।

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। दिल्ली समेत एनसीआर व अन्य जगहों पर 10 साल से भी अधिक समय से मतांतरण की पाठशाला चला रहा मास्टरमाइंड अब गुरुग्राम पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।

पिछले सप्ताह गुरुग्राम के घाटा गांव में ईसाई धर्म में मतांतरण के खेल का पर्दाफाश हुआ, तब आरोपित पकड़ में आया। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने दिल्ली से प्रवीण उर्फ डा. पीटर जान मलकर को गिरफ्तार किया है।

अब आरोपी को किया जाएगा कोर्ट में पेश

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपित मूल रूप से मणिपुर का रहने वाला है। इसकी पत्नी अमेरिकी नागरिक बताई जा रही है, जो फिलहाल फरार है। आरोपित को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

आरोपित लोगों को अपना नाम डॉ पीटर जॉन मलकर बताता था। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि प्रवीण अपनी पत्नी के साथ गुरुग्राम, दिल्ली व अन्य जगहों पर पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल नाम का एनजीओ संचालित करता था। यह दस साल से भी अधिक समय से एनसीआर व अन्य क्षेत्रों में संचालित था।

पाठशाला के नाम पर बच्चों का ब्रेनवॉश

एनजीओ में शामिल वालिंटियर इसी ईसाई दंपती के कहने पर जगह-जगह झुग्गियों में पाठशाला चलाते थे। आरोप है कि वहां बच्चों का ब्रेनवाश किया जाता था। बच्चों को खाने-पीने, पढ़ने व कपड़े तक दिए जाते थे। पाठशाला में यीशु मसीह के बारे में पढ़ाया जाता था, उनकी प्रार्थना कराई जाती थी। बच्चों को ईसाई धर्म में मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता था।

पहले स्वास्थ्य शिविर, फिर पाठशाला

घाटा गांव की झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने बताया कि यह सब एकदम से नहीं हुआ। करीब एक साल पहले इस एनजीओ ने उनकी झुग्गी में स्वास्थ्य शिविर लगाया था। इसके बाद हर शनिवार को शिविर लगाने लगे।

झुग्गियों में रहने वाले लोगों के पास पैसे नहीं होते थे, इसलिए वे स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के लिए इस शिविर में जाने लगे। शिविर में गई एक महिला के अनुसार उसे पहले यीशु मसीह की हाथ जोड़कर प्रार्थना कराई गई, इसके बाद उसे दवाई और फल दिए गए।

14 नवंबर को घाटा गांव में छापेमारी कर चार महिलाओं को पकड़ा गया था। इनसे पूछताछ में डा. पीटर और इसकी पत्नी के बारे में जानकारी मिली थी। स्थानीय लोगों ने भी बताया था कि यह दंपती कभी-कभी आता था।

रिमांड के दौरान सटीक जानकारी आएगी सामने

सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। यह एनजीओ एनसीआर में कब से संचालित किया जा रहा था। एनजीओ की फंडिंग कहां से हो रही थी।

अब तक कितने लोगों का मतांतरण कराया जा चुका था और इसमें कौन-कौन शामिल है। इस आरोपित के ऊपर भी कोई है या यही मास्टरमाइंड था। इन सब सवालों के जवाब रिमांड के दौरान मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- डासना जेल से आजम खां की रिहाई पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बोले- बढ़ा इंसाफ पर ऐतबार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।