विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टोलकर्मियों की गुंडागर्दी पर NHAI का बड़ा एक्शन, बिजवासन टोल पर मारपीट के मामले में कंपनी पर 15 लाख का जुर्माना

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:00 PM (IST)

द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों ने यात्री के साथ मारपीट की, जिसके बाद NHAI ने मामले पर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. एनएचएआई ने टोल कंपनी पर 15 लाख का जुर्माना लगाया।

  2. बिजवासन टोल प्लाजा पर परिवार से मारपीट का मामला।

  3. कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने का कारण बताओ नोटिस जारी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार के साथ टोलकर्मियों की मारपीट के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने टोल का संचालन करने वाली ठेका कंपनी रिद्धि सिद्धि एंटरप्राइजेज पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

साथ ही कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि उसे ब्लैकलिस्ट क्यों न कर दिया जाए। पांच नवंबर को हुई इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया था।

NHAI ने क्या कहा?

एनएचएआई के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए कंपनी की लापरवाही और टोल कर्मचारियों के हिंसक व्यवहार को गंभीरता से लिया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि टोल भुगतान को लेकर विवाद होने का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों को यात्रियों के साथ मारपीट करने या कानून हाथ में लेने का अधिकार मिल जाता है।

 ब्लैकलिस्टेड फास्टैग को लेकर विवाद

घटना की शुरुआत कार के ब्लैकलिस्टेड फास्टैग से टोल शुल्क के भुगतान को लेकर हुए विवाद से हुई थी। टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रसारित वीडियो में टोल कर्मचारियों को कार सवार परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते देखा गया।

टोल कर्मचारियों ने यात्री से की मारपीट

आरोप है कि कर्मचारियों ने परिवार के दो पुरुषों को कार से बाहर खींचने का प्रयास किया और टोल लेन पर लगे भारी लोहे के बूम बैरियर को उठाकर उन पर हमला किया। इस दौरान एक महिला और बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई।

घटना में परिवार के तीन सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दूसरी लेन से गुजर रही एक महिला ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली थी।

दिल्ली पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी

मामले में दिल्ली पुलिस ने भी प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने टोल प्लाजा पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली और टोल प्रबंधन के अधिकारियों से पूछताछ की। नौ नवंबर को सामने आई पुलिस की जानकारी के अनुसार, उस समय तक पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली थी।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक भवनेश कुमार का कहना है कि टोल संचालन कंपनी रिद्धि सिद्धि एंटरप्राइजेज के खिलाफ आगे की दंडात्मक कार्रवाई अनुबंध की शर्तों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, मंदिरों में बंटा अन्नकूट का प्रसाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।