विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बनेगा नया बस टर्मिनल, हेलीपेड का प्लान तैयार; शहर से कम होगा ट्रैफिक  

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:09 AM (IST)

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास गांव सीही में नया बस टर्मिनल बनेगा, जिससे शहर को जाम और प्रदूषण से राहत मिलेगी। जनवरी में इसके शिलान्यास की तैयारी है, जो 15 एकड़ जमीन पर विकसित होगा।

गुरुग्राम में शहर की सड़कों पर इस तरह रहता है ट्रैफिक का दबाव। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम में शहर की सड़कों पर इस तरह रहता है ट्रैफिक का दबाव। फोटो: आर्काइव

आदित्य राज, गुरुग्राम। शहर के बीचोंबीच स्थित बस अड्डे के कारण प्रतिदिन सैकड़ों बसों की आवाजाही से आंतरिक सड़कों पर बढ़ने वाले यातायात के दबाव और प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।

द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सीही में प्रस्तावित नए बस टर्मिनल का ले-आउट प्लान फाइनल हो चुका है। टर्मिनल का शिलान्यास अगले साल जनवरी में किए जाने की संभावना है। इसके बाद निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

शहर की सड़कों पर कम होगा बसों का दबाव

वर्तमान में शहर के बीच स्थित बस अड्डे पर आने-जाने वाली बसों के कारण प्रमुख सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव है। बसों के शहर से बाहर निकलने और दूसरे राज्यों से आने वाली बसों के शहर में प्रवेश करने के दौरान यातायात प्रभावित होता है।

नया टर्मिनल बनने के बाद शहर से बाहर जाने वाली बसें कुछ ही मिनट में हाईवे पर पहुंच सकेंगी। इससे आंतरिक सड़कों पर बसों की आवाजाही कम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ प्रदूषण का स्तर भी कम करने में मदद मिलेगी।

द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सीही में बस टर्मिनल के लिए जमीन तय की गई है। यह स्थान गुरुग्राम और मानेसर के बीच होने के साथ दिल्ली-जयपुर हाईवे के भी नजदीक है।

शहर के अंदर कम होगा ट्रैफिक 

हाईवे के नजदीक टर्मिनल होने से शहर से बाहर जाने वाली बसों को आंतरिक सड़कों से होकर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा।

वहीं, यात्रियों को भी हाईवे तक पहुंचने और दूसरे शहरों की यात्रा शुरू करने में सुविधा मिलेगी। टर्मिनल को अंतरराज्यीय बस अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजना है।

बता दें कि शहर से बाहर जाने व आने वाली बसों की संख्या 400 से अधिक हैं। शहर के भीतर राउंड मारने वाली बसों का आंकड़ा अलग है। इससे न केवल बस अड्डे के नजदीक बल्कि शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है।

बसों की मरम्मत और चार्जिंग की सुविधा

बस टर्मिनल के लिए 15 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। परियोजना के तहत कहां पर क्या निर्माण होगा, इसकी टोपोग्राफी रिपोर्ट कंसल्टेंट से तैयार कराई जा चुकी है।

यात्रियों की सुविधाओं और बसों के संचालन को ध्यान में रखकर इसकी रूपरेखा तैयार की गई है। टर्मिनल परिसर में बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।

इलेक्ट्रिक बसों को ध्यान में रखते हुए ई-वाहनों की पार्किंग और चार्जिंग सुविधा भी विकसित की जाएगी। इसके साथ ही टर्मिनल के बगल में कार्यशाला बनाई जाएगी।

टर्मिनल के पास बनेगा स्थायी हेलीपैड

गुरुग्राम में बस टर्मिनल के नजदीक ही स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना है। वर्तमान में शहर में अलग से स्थायी हेलीपैड की सुविधा नहीं होने के कारण वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कराई जाती है।

इससे कई बार स्टेडियम में खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। दैनिक जागरण ने करीब दो महीने पहले इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। खिलाड़ियों ने बातचीत में कहा था कि शहर में कहीं अलग से हेलीपैड बनाया जाना चाहिए, ताकि स्टेडियम में खेल गतिविधियां प्रभावित न हों।

बस टर्मिनल के नजदीक हेलीपैड बनने से वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग के लिए स्टेडियम का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा।

साइबर सिटी केवल हरियाणा का नहीं, बल्कि देश के विकास का आइना है। इसे ध्यान में रखकर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल बनाने पर जोर दिया जाएगा। बेहतर से बेहतर बस टर्मिनल बने, इस वजह से प्लानिंग में समय लग रहा है।

- अनिल विज, परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री, हरियाणा

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में दरबारीपुर रोड पर 4 महीने से पानी के रिसाव से सड़क बदहाल, गड्ढों से हादसे का खतरा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।