विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में दरबारीपुर रोड पर 4 महीने से पानी के रिसाव से सड़क बदहाल, गड्ढों से हादसे का खतरा

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:15 PM (IST)

गुरुग्राम के दरबारीपुर रोड पर पिछले चार महीने से ग्रामीण जलापूर्ति लाइन से पानी के रिसाव के कारण सड़क बदहाल हो गई है, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। 

दरबारीपुर रोड गड्ढों में तब्दील। जागरण

दरबारीपुर रोड गड्ढों में तब्दील। जागरण

HighLights

  1. दरबारीपुर रोड पर चार महीने से पानी का रिसाव।

  2. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, वाहन चालकों को परेशानी।

  3. शिकायतों के बावजूद नगर निगम ने नहीं की कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे कितने प्रभावी हैं, इसकी बानगी सेक्टर-76 स्थित कोरोना ग्रेसियक्स सोसायटी के सामने दरबारीपुर रोड पर देखी जा सकती है। यहां ग्रामीण जलापूर्ति लाइन में लगातार रिसाव के कारण सड़क पिछले करीब चार महीने से बदहाल है।

पानी के रिसाव ने सड़क को जगह-जगह से तोड़ दिया है और अब बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की नींद नहीं टूट रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस समस्या को लेकर नगर निगम गुरुग्राम के पोर्टल और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। इसके बावजूद न तो जलापूर्ति लाइन का रिसाव बंद हुआ और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई।

ऐसा लगता है कि शिकायतों का समाधान करने के बजाय उन्हें दर्ज करना ही विभाग की प्राथमिकता बन गया है। दरबारीपुर रोड से रोज हजारों लोग, स्कूली वाहन और कार्यालय जाने वाले कर्मचारी गुजरते हैं। दिन में किसी तरह गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है, जबकि रात में इनकी पहचान करना और मुश्किल हो जाता है।

वहीं, ऐसे में दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी जयंत कुमार अरोड़ा ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।