गुरुग्राम में महिला ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, दो साल पहले किया था प्रेम विवाह
गुरुग्राम में एक 21 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जिसने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है लेकिन कारण अज्ञात हैं। महिला के पति के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान थी। एक अन्य घटना में सेक्टर 65 में एक व्यक्ति ने घरेलू कारणों से आत्महत्या की।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर 9ए थाना क्षेत्र के सूर्या विहार में 21 वर्षीय महिला ने शनिवार शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसने दो साल पहले एक युवक से प्रेम विवाह किया था। महिला ने आत्महत्या क्यों की, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को रविवार को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया।
मायके वालों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। मृत महिला की पहचान सौंदा साहा के रूप में की गई। इसका परिवार मूल रूप से बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है। इसने 2023 में संजीव कुमार नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। संजीव मूल रूप से बिहार के कटिहार का रहने वाला है। दोनों के परिवार कई सालों से सूर्या विहार में ही अलग-अलग जगहों पर रहते हैं।
शादी के बाद पति-पत्नी किराये से रह रहे थे। संजीव श्रमिक का काम करता है। दोनों को आठ महीने का एक बच्चा भी है। संजीव कुमार ने बताया कि शनिवार शाम जब वह काम से लौटकर आए तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। खिड़की से देखा तो अंदर सौंदा का शव पंखे से फंदे से लटकता मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की, हालांकि, कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। महिला के मायकेवालों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। वहीं पति ने कहा कि सौंदा काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
व्यक्ति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
उधर, सेक्टर 65 में किराये से रहने वाले एक व्यक्ति ने शनिवार रात पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान 40 वर्षीय बच्चा सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में परिवारवालों से जानकारी ली। परिवार ने बताया कि बच्चा सिंह काफी दिनों से घरेलू कारणों से परेशान चल रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।