Gurugram Crime: युवक ने महिला पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, दो लोगों से अवैध संबंध का शक
गुरुग्राम में एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। महिला पर दो लोगों से अवैध संबंध रखने का आरोप है। जब शख्स को इस बारे में पता चला तो वह महिला से बात करने के लिए घर पहुंच गया। उसने दूसरे व्यक्ति से संबंधों को लेकर विरोध जताया। इसी दौरान महिला का पति ड्यूटी से घर लौट आया और फिर...

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र के बिनौला गांव में सोमवार शाम दो-दो लोगों से अवैध संबंधों को लेकर एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपित व्यक्ति के भी महिला से अवैध संबंध थे।
उसने दूसरे युवक से अवैध संबंधों को लेकर विरोध जताया। बहसबाजी के दौरान उसने सब्जी काटने वाले चाकू से पेट व हाथ पर वार कर दिए। पति की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपित को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
सब्जी काटने वाले चाकू से किया हमला
बिनौला गांव निवासी एक व्यक्ति ने बिलासपुर थाना पुलिस को शिकायत दी कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बिनौला में किराये से रहता है। वह कंपनी में काम करता है। सोमवार शाम को जब वह कंपनी से वापस आया तो उसी दौरान विनोद नाम का व्यक्ति उसकी पत्नी से बहसबाजी कर रहा था। पत्नी उसको कमरे से बाहर जाने के लिए बोल रही थी।
इसी दौरान विनोद ने वहीं पर रखे सब्जी काटने वाले चाकू से इसकी पत्नी के पेट में तथा हाथ पर वार किए और फरार हो गया। लहूलुहान अवस्था में महिला को रेवाड़ी के निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटनास्थल पर फारेंसिक व अन्य टीमों ने मौका मुआयना कर सुबूत जुटाए।
पुलिस ने आरोपित विनोद को धर दबोचा
बताया जाता है कि महिला का आरोपित विनोद और सुधीर नाम के व्यक्तियों के साथ अवैध संबंध थे। विनोद को जब इस बारे में पता चला तो वह महिला से बात करने के लिए घर पहुंच गया। उसने सुधीर से संबंधों को लेकर विरोध जताया। इसी दौरान महिला का पति ड्यूटी से घर लौट आया।
पति को देख महिला ने आरोपित को घर से बाहर जाने के लिए बोला तो उसने चाकू से वार कर दिया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपित विनोद को बिलासपुर से धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि विनोद उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के कंधवचक गांव का रहने वाला है और यहां बिलासुपर में रहकर कंपनी में काम करता था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।