मम्मी-पापा अपना ख्याल रखना, मैंने काफी खर्च कर दिया... रुला देगा किशोर का सुसाइड नोट
गुरुग्राम में एक 17 वर्षीय किशोर ने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली। नोट में उसने अधिक खर्च करने और माता-पिता को अपना ख्याल रखने की बात लिखी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है। किशोर के परिवार को उसके खर्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर 14 थाना क्षेत्र के ईस्ट राजीव नगर में 17 वर्षीय किशोर ने मंगलवार शाम पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें लिखा था कि उसने काफी खर्चा कर दिया है। इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। मम्मी-पापा आप अपना ख्याल रखना।
पुलिस ने बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया और कार्रवाई शुरू कर दी है। मृत किशोर की पहचान ईस्ट राजीव नगर की गली नंबर पांच के रहने वाले नितिन सिंह मेहरा के रूप में की गई है। नितिन का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के पित्थौरागढ़ जिले के ढूनी गांव का रहने वाला है और काफी साल से यहां गुरुग्राम में रह रहा है।
अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा
परिवार में माता-पिता और 22 वर्षीय बहन भी है। तीनों निजी कंपनी में काम करते हैं। प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह भी अपने-अपने काम पर चले गए थे। शाम करीब सात बजे सबसे पहले जब बहन घर आई तो घर में कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने खिड़की से झांककर देखा तो नितिन कमरे में पंखे से लटका मिला।
उसके चीखने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा और नितिन को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए। यहां उसे मृत घेषित कर दिया गया। खर्चे के बारे में परिवार को नहीं है जानकारी पुलिस ने घर में कमरे की जांच की तो एक सुसाइड नोट मिला। इसकी लिखावट नितिन की थी।
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
इसमें लिखा था कि उसने काफी खर्चा कर दिया है। इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। टाइम से रोटी खा लेना, बहन की जहां मन करें वहां शादी करा देना। मम्मी-पापा आप अपना ख्याल रखना।
परिवार ने बताया कि नितिन ने इसी साल 12वीं पास की थी। अब उसे कॉलेज में एडमिशन लेना था। पुलिस ने जब खर्चे के बारे में पूछताछ की तो परिवार ने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले कभी भी नितिन ने इस बारे में कुछ नहीं कहा था। जवान बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।