Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sawan Somwar 2025: पहले सोमवार पर मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय

    Updated: Mon, 14 Jul 2025 12:11 PM (IST)

    दिल्ली-एनसीआर में सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दी। गुरुग्राम के मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। नोएडा और गाजियाबाद के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर को जल चढ़ाया। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने जलाभिषेक किया और दूध दही घी से भगवान आशुतोष की पूजा की।

    Hero Image
    दिल्ली-एनसीआर में हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम, गाजियाबाद, हापुड़। दिल्ली-एनसीआर में सावन माह के पहले सोमवार को मंदिरों में हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ और बोल बम-बम के जयकारे गूंजे। वहीं, सुबह से ही मंदिरों में शिव भक्तों का तांता लगा हुआ है।

    गुरुग्राम में साइबर सिटी के मंदिर हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ, बोल बम-बम के जयकारों से गूंज उठे। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में भी सावन के पहले सोमवार को लेकर विशेष व्यवस्था की हुई थी। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जलाभिषेक किया और भांग, बेलपत्र, फूल, फल, शहद चढ़ाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, सेक्टर-4 के श्री कृष्ण मंदिर के पुजारी नरेश शास्त्री ने बताया कि पूरे सावन दिनभर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया जाएगा। साथ ही भगवान शिव की विशेष पूजा की जाती है। शहर के न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन मंदिर, सेक्टर-4 स्थित श्रीकृष्ण मंदिर, प्रेम मंदिर, गुफा वाले शिव मंदिर, राम मंदिर, ओलेकेश्वर महादेव मंदिर, सहित अन्य मंदिरों में भगवान शिव की पूजा की गई।

    उधर, सावन के पहले सोमवार के अवसर पर नोएडा सेक्टर-20 हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर को जल चढ़ाया और शिव भक्तों ने पूजा अर्चना की। वहीं, मोहननगर मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।

    श्रावण मास के प्रथम सोमवार को मंदिरों में हुआ जलाभिषेक

    हापुड़ के प्रसिद्ध मंदिरों एवं अन्य शिवालियों में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। गढ़मुक्तेश्वर के नक्का कुआं मंदिर,  कल्याणेश्वर महादेव मंदिर, सबली के श्री सिद्ध पीठ महादेव मंदिर, बछलौता के श्री श्यामेश्वर महादेव मंदिर, सिंभावली के भूतेश्वर लाल मंदिर, देहपा के शिव मंदिर सहित आने मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच मंदिर में भगवान आशुतोष को दूध, दही, घी, गंगाजल, शहद, पुष्प, मिष्ठान समर्पित कर धूप दीप से अर्चना की गई।

    कड़ी सुरक्षा के बीच निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा

    गुरुग्राम में साधु संतों की अगवाई में सेक्टर-10 ए कृष्ण मंदिर से ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा मेवात के नलहड़ मंदिर के लिए रवाना हुई। ब्रजमंडल जलभिषेक यात्रा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। यह यात्रा हीरो होंडा चौक होते हुए सुभाष चौक और सीधे गुरुग्राम सोहना हाईवे से होते हुए घामडोज टोल प्लाजा पर रुकी। 

    वहीं, ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का स्वागत होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच यात्रा को नलहड़ मंदिर के लिए रवाना हुई। भोंडसी पुलिस स्टेशन और बादशाहपुर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी तैनात रहे। यहां से सोहना की तरफ जाने वाली गाड़ियों की जांच भी की गई।

    comedy show banner
    comedy show banner