यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति को लेकर विवाद गहराया, करिश्मा कपूर से भी जुड़ा है मामला; पढ़ें डिटेल
गुरुग्राम में उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। उनकी मां के नाम से एक पत्र ...और पढ़ें

HighLights
- संजय कपूर की संपत्ति पर पारिवारिक विवाद गहराया |
- एजीएम टालने के लिए भेजा गया पत्र |
- करिश्मा कपूर के बच्चों ने संपत्ति में माँगा हिस्सा |
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रसिद्ध उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। विवाद उनकी मां रानी कपूर के नाम सामने आए एक पत्र से गहराया है। पत्र के माध्यम से शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई सोना कामस्टार की एजीएम टालने को कहा गया था।
पत्र में यह कहा गया था कि संजय कपूर की मृत्यु के अभी कुछ ही दिन हुए हैं। ऐसे में एजीएम आयोजित करना उचित नहीं। बताया जाता है कि पत्र में यह भी दावा किया गया है कि रानी कपूर सोना कामस्टार की शेयरहोल्डर और डायरेक्टर हैं।
बता दें कि सोना कामस्टार के चेयरमैन और देश के ऑटोमोटिव सेक्टर के प्रमुख उद्योगपति 53 वर्षीय संजय कपूर का इंग्लैंड में पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से पिछले महीने निधन हो गया। उनके निधन के साथ ही परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद गहराना शुरू हो गया था। अब विवाद काफी बढ़ गया है। सोना कामस्टार ग्रुप में काफी लोगों का शेयर है।
बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने संजय कपूर के निधन के बाद उनकी वर्तमान पत्नी प्रिया कपूर को इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बना दिया है। जिन कंपनियों के संजय कपूर अकेले मालिक हैं, उनकी कंपनियों की एमडी प्रिया कपूर अब हो गईं।
संजय कपूर की पहली पत्नी प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर हैं। उनके दो बच्चे हैं। संजय कपूर के निधन के बाद वह संपत्ति में अपना हिस्सा चाहती हैं। कुल मिलाकर 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। संजय कपूर की मां काफी बुजुर्ग हैं। वह कुछ भी लिखने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि संजय कपूर की मां को कंपनी का शेयरहोल्डर व डायरेक्टर बताते हुए एजीएम रोकने के लिए पत्र परिवार के किसी अन्य सदस्य ने भेजने के लिए प्रेरित किया हो।
पत्र के जवाब में कंपनी के बोर्ड ने साफ कर दिया है कि रानी कपूर न तो डायरेक्टर हैं और न ही शेयर उनके पास है। ऐसे में वह एजीएम रोकने की हकदार नहीं हैं। कंपनी के एक जानकार का कहना है कि संजय कपूर के निधन के बाद उनकी वर्तमान पत्नी प्रिया कपूर को इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बना दिया गया है। यही नहीं जिन कंपनियों में किसी का शेयर नहीं, उन कंपनियों की एमडी प्रिया कपूर बन चुकी हैं।
अब संपत्ति का बंटवारा कैसे और किस आधार पर होगा, यह प्रिया कपूर ही तय करेंगी। नियमानुसार संपत्ति में करिश्मा कपूर के बच्चों का अधिकार बनता है। बता दें कि सोना कामस्टार ग्रुप के देश-दुनिया में 13 प्लांट हैं। इनमें से छह प्लांट गुरुग्राम में हैं। पिता डा. सुरेंद्र कपूर के निधन के बाद संजय कपूर ने तेजी से ग्रुप का विस्तार किया था। संजय कपूर कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री के उत्तर जोन के चेयरमैन रहे। हरियाणा काउंसिल के भी चेयरमैन रहे।
