मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के मामले में रेकी करने वाला गिरफ्तार, गायक को वापस मिली सुरक्षा
गुरुग्राम पुलिस ने मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के मामले में एक आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया। विशाल ने राहुल की रेकी की और साथियों को जानकारी दी। उसने अपने साथी गौतम के साथ मिलकर एक कार किराए पर ली और चार दिन पहले गुरुग्राम आकर गेस्ट हाउस में रुके। सोमवार शाम फाजिलपुरिया पर हमला हुआ जिसमें हमलावरों ने पीछा करके फायरिंग की।

जागरण संवाददाता गुरुग्राम। मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार रात एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
इसकी पहचान सोनीपत के जाजल गांव के रहने वाले विशाल के रूप में की गई। पूछताछ में पता चला कि इसने राहुल फाजिलपुरिया की रेकी की थी और अपने साथियों को इसके बारे में जानकारी दी थी।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि विशाल ने अपने एक अन्य साथी गौतम के साथ मिलकर सोनीपत के रहने वाले सुशील नाम के व्यक्ति से उसकी पंच कार 2200 प्रतिदिन के हिसाब से किराए पर ली थी।
चार दिन पहले दोनों गुरुग्राम आए थे। यहां पर दोनों एक गेस्ट हाउस में रहे और फाजिलपुरिया की रेकी की। उसके आने जाने, ठहरने के बारे में अपने अन्य साथियों को सूचना दी।
इसके बाद इसके साथियों ने सोमवार शाम छह बजे राहुल फाजिलपुरिया पर उसे समय हमला किया जब वह फाजिलपुर गांव से अपनी थार गाड़ी से खेड़कीदौला स्थित घर जा रहे थे। हमलावरों ने पंच गाड़ी से राहुल फाजिलपुरिया का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया।
इसके बाद एसपीआर रोड पर सिग्नेचर ग्लोबल के पास थार को ओवरटेक कर रोक लिया। गाड़ी से उतरे दो हमलावरों ने फायरिंग की हालांकि गोली किसी को नहीं लगी थी।
फायरिंग के दौरान एक गोली रोड किनारे लगी हुई रेलिंग के पोल पर लगी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मंगलवार को पंच गाड़ी को बिलासपुर से बरामद किया था।
साथ ही कार मालिक से पूछताछ में आरोपितों के बारे में जानकारी मिली थी। सेक्टर 40 क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में बुधवार रात सोनीपत से विशाल को गिरफ्तार कर लिया। इसने पूछताछ में अपने साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी हुई है।
राहुल फाजिलपुरिया को वापस मिली सुरक्षा
राहुल के भाई ने बताया था कि करीब तीन साल पहले कुछ लोगों ने राहुल की गाड़ी का पीछा किया था। इस पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दी थी। लेकिन कुछ समय पहले सुरक्षा वापस ले ली थी।
सोमवार शाम जब उन पर हमला हुआ तो उन्होंने एफआईआर दर्ज करने के साथ ही पुलिस से सुरक्षा की मांग की। इस पर बुधवार को उन्हें सिक्योरिटी दी गई।
हमले के बाद सुनील नाम के व्यक्ति ने ली जिम्मेदारी
हमले के बाद एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में सुनील सरधानिया नाम के व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने कहा कि यह करने के लिए नहीं बल्कि डराने के लिए किया गया था।
व्यक्ति ने दावा किया कि राहुल ने पांच करोड़ रुपए लिए थे। लेकिन यह रुपए वापस नहीं किए गए। सेलीब्रिटी बनने के बाद उसने फोन उठाने बंद कर दिए।
सुनील ने रुपए वापस करने की धमकी दी है। साथ ही यह भी कहा कि अगर रुपए वापस नहीं किए गए तो उसके रिश्तेदार या जानकारी में से हर महीने एक व्यक्ति की हत्या कर दी जाएगी। पुलिस अब सुनील नाम के व्यक्ति के बारे में जानकारी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।