मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया साइकिल यात्रा का शुभारंभ, युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने का दिया संदेश
गुरुग्राम में मेजर ध्यानचंद जयंती पर नशामुक्ति के संदेश के साथ भव्य साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम से यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं को खेल अपनाने के लिए प्रेरित किया और फिट इंडिया पैन इंडिया का नारा दिया। राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाते हैं।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में नशामुक्ति के संदेश के साथ एक भव्य साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-38 से शुरू हुई, जिसमें खिलाड़ियों, युवाओं, स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
साइकिल यात्रा का शुभारंभ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया। इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कहा कि “शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेल सबसे श्रेष्ठ माध्यम है।” उन्होंने “फिट इंडिया, पैन इंडिया” का नारा दोहराते हुए कहा कि खेलों को अपनाने से न केवल व्यक्तिगत जीवन में सुधार होगा, बल्कि समाज भी स्वस्थ बनेगा।
राव ने कहा कि देश की कुल आबादी का केवल 2% हिस्सा होने के बावजूद हरियाणा के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाते हैं, जो हरियाणावासियों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं लगातार बढ़ाई जा रही हैं। कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि “हर नागरिक को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में अवश्य बिताना चाहिए।
अगर शरीर स्वस्थ रहेगा, तो नागरिक स्वस्थ रहेंगे और नागरिक स्वस्थ रहेंगे तो देश की तरक्की निश्चित है। अंत में उन्होंने सभी को नशे से दूर रहने, स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को इसके लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।