विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गुरुग्राम में प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने वालों की संपत्ति होगी सील, निगम ने की 400 बड़े बकायेदारों की पहचान

Published: Tue, 16 Sep 2025 07:41 PM (IST)

गुरुग्राम में अब प्रॉपर्टी टैक्स के बकायादारों की संपत्तियां सील होंगी। निगम ने चारों जोन में 400 बड़े बकायादारों की ...और पढ़ें

साइबर सिटी में अब प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों की संपत्तियां सील की जाएंगी। फाइल फोटो
साइबर सिटी में अब प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों की संपत्तियां सील की जाएंगी। फाइल फोटो

HighLights

  1. 400 बकायादारों की संपत्तियां होंगी सील
  2. प्रत्येक पर 20 लाख से अधिक का बकाया
  3. जोन एक में पांच संपत्तियां सील

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी में अब प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों की संपत्तियां सील की जाएंगी। निगम ने बड़े टैक्स बकाएदारों की सूची तैयार की है। इनमें प्रत्येक जोन में 100 यानी चारों जोन में 400 टैक्स बकाएदारों की पहचान की गई है।

इनमें से प्रत्येक बकाएदार पर 20 लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है। मंगलवार को निगम की टैक्स विंग ने जोन एक में संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई की।

टैक्स विंग की विशेष टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में उन बकाएदारों की संपत्तियों को सील कर रही हैं, जिन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स का भारी भरकम बकाया जमा नहीं किया है। आपको बता दें कि गुरुग्राम में सात लाख से अधिक प्रॉपर्टी आईडी हैं।

जोन एक में पांच संपत्तियां सील

जोन एक क्षेत्र में पांच संपत्तियों को सील किया गया है। इन संपत्तियों पर लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था, इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई थी। निगम की चेतावनी के बाद भी राशि जमा न करने पर जोनल टैक्सेशन ऑफिसर पंकज कुमार के नेतृत्व में टैक्स इंस्पेक्टर पंकज सलूजा व अन्य कर्मचारियों ने यह कार्रवाई की।

सील की गई संपत्तियों में बेस्टेक साइबर पार्क नरसिंहपुर स्थित ओवाना मुंजा पर 78 लाख 40 हजार 117 रुपये, बीआर अरोड़ा पर 69 लाख 3 हजार 51 रुपये, हरिलोक संपत्ति पर 17 लाख 24 हजार 867 रुपये और एक अन्य संपत्ति पर 1 करोड़ 49 लाख 80 हजार 950 रुपये का संपत्ति कर बकाया है।

इसके अलावा कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक संपत्ति को सील किया गया है, जिस पर 33 लाख 47 हजार 8864 रुपये का संपत्ति कर बकाया भी शामिल है। इन संपत्तियों में एक ऐसी संपत्ति भी शामिल है, जिसमें तीन बेसमेंट थे।

गुरुग्राम में कुल संपत्तियां: श्रेणीवार विवरण

श्रेणी संख्या
आवासीय 4,37,111
वाणिज्यिक 92,457
औद्योगिक 6,561
संस्थागत 4,408
खाली प्लॉट 1,11,361
विशेष श्रेणी 6,138
मिश्रित उपयोग 34,136
कृषि 13,430
कुल 7,05,602

अन्य जोन में भी होगी कार्रवाई

कर शाखा की टीमें केवल ज़ोन-एक तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि ज़ोन-दो, तीन और चार में भी सीलिंग करेंगी। आने वाले दिनों में निगम अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में डिफॉल्टर संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।

निगम अधिकारियों ने सभी संपत्ति मालिकों से समय पर संपत्ति कर का भुगतान करने और कानूनी कार्रवाई से बचने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि कर देना नागरिकों की ज़िम्मेदारी है और इसी से शहर के विकास कार्यों को गति मिलती है। बकाया संपत्ति कर जमा न करने वालों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

संपत्ति कर से प्राप्त राशि शहर की मूलभूत सुविधाओं, बुनियादी ढाँचे और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में बकाया राशि जमा न करने वालों के ख़िलाफ़ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और संपत्ति सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

-प्रदीप दहिया, नगर आयुक्त, गुरुग्राम