1200 टन कूड़ा और 46 जगह... गुरुग्राम की सफाई के लिए सड़कों पर उतरे एक लाख से ज्यादा स्वयंसेवक
गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेगा स्वच्छता अभियान शुरू किया। इस अभियान में राधा स्वामी सत्संग ब्यास निरंकारी मिशन और डेरा सच्चा सौदा जैसे संगठनों के एक लाख से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। स्वयंसेवकों ने शहर के 36 वार्डों में 46 स्थानों पर सफाई की। इस अभियान का उद्देश्य हर मोहल्ला हर गली हर मकान-स्वच्छ हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए बृहस्पतिवार को एक लाख से ज्यादा स्वयंसेवक सड़कों पर उतरे। सीएम नायब सिंह सैनी में मेगा स्वच्छता अभियान की शुरुआत करवाई।
इस अभियान में राधा स्वामी सत्संग ब्यास, संत निरंकारी मिशन, डेरा सच्चा सौदा सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और स्वयंसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवक सफाई के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित पंजाब के भी स्वसंसेवक सफाई करने के लिए गुरुग्राम पहुंचे।
कुछ स्वयंसेवक रात को ही नगर निगम के कम्युनिटी सेंटरों में पहुंच गए और बाकी सुबह प्राइवेट बसों से गुरुग्राम आना शुरू हुए।
बता दें कि प्राइवेट एजेंसियों द्वारा संसाधन और वाहन उपलब्ध नहीं कराने, कभी एजेंसियों को देरी से काम सौंपने के कारण गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई थी।
नगर निगम के अधिकारी इसे सुधारने के लिए पिछले एक महीने से जुटे हुए हैं। हालांकि पहले से सुधार है, लेकिन धरातल पर अभी और प्रयास करने की जरूरत है।
हर मोहल्ला, हर गली, हर मकान-स्वच्छ हरियाणा की पहचान थीम
इस विशेष पहल में एक लाख से अधिक लोग भाग लेकर सामूहिक श्रमदान करेंगे और स्वच्छ गुरुग्राम का संकल्प दोहराएंगे। हर मोहल्ला, हर गली, हर मकान –स्वच्छ हरियाणा की पहचान थीम पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे लोगों की दिनचर्या और जीवनशैली का स्थायी हिस्सा बनाना है।
36 वार्डों के 46 स्थानों पर पहुंचे स्वयंसेवक
नगर निगम क्षेत्र के 36 वार्डों में 46 स्थानों पर विशेष तौर पर इस अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान में स्थानीय लोगों ने भी श्रमदान किया।
गुरुग्राम के घरों से निकलता है 1200 टन कूड़ा
गुरुग्राम के घरों से 1200 टन कूड़ा निकलता है। इसे बंधवाड़ी लैंडफिल पर भेजा जाता है लेकिन फिलहाल कूड़ा निस्तारण कार्य बंद पड़ा है। इसके कारण 13 लाख टन कूड़े का पहाड़ लैंडफिल पर बन गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।