Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फंदे से लटका मिला शव; हत्या का केस दर्ज

    Updated: Sat, 19 Jul 2025 05:34 PM (IST)

    गुरुग्राम के खांडसा गांव में एक 30 वर्षीय महिला रेनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मायकेवालों का कहना है कि ससुराल वाले रेनू को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image
    महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या का केस दर्ज।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर 37 थाना क्षेत्र के खांडसा गांव स्थित घर में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार को घर के कमरे में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। मायकेवालों ने पति और ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए मारपीट और हत्या के बाद शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी। थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मृत महिला की पहचान रेनू के रूप में की गई। रेनू का मायका उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सुलतानपुर गांव में है। इनके बड़े भाई साहब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि रेनू की शादी अप्रैल 2018 में गुरुग्राम के खांडसा गांव में रहने वाले रोहित के साथ हुई थी।

    आरोप है कि कुछ समय तक ठीक रहा, उसके बाद ससुराल के लोग दहेज के लिए दबाव बनाने लगे। इसके लिए कई बार रेनू के साथ मारपीट की गई। रेनू ने घरवालों को फोन पर इसकी जानकारी दी थी। पांच महीने पहले भी ससुराल के लोगों ने दो लाख रुपये की मांग की। इस पर साहब सिंह ने एक लाख 40 हजार रुपये का चेक ससुरालवालों को दिया।

    इसके बाद भी ससुराल के लोग रेनू से मारपीट करते थे। 17 जुलाई को एक बार फिर रेनू ने मायकेवालों को मारपीट किए जाने की सूचना दी। इस पर मायके से दो लोग ससुराल आए और मामला निपटाकर वापस चले गए।

    एक दिन बाद ही शुक्रवार दोपहर मायकेवालों को रेनू की मौत की जानकारी मिली। ससुरालियों ने उन्हें बताया कि रेनू ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुग्राम पहुंचे रेनू के भाई साहब सिंह ने पुलिस थाने में दहेज हत्या के संबंध में शिकायत की। जांच के बाद थाना पुलिस ने शनिवार को हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

    वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के हवाले कर दिया गया। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों ने बताया कि महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। सेक्टर 37 थाना प्रभारी ने बताया मामले की जांच की जा रही है। हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।