यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Radhika Yadav Murder Case: पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहीं राधिका की दोस्त हिमांशिका
गुरुग्राम में राधिका यादव हत्याकांड की जांच जारी है। राधिका की दोस्त हिमांशिका पुलिस को सहयोग नहीं कर रही है ...और पढ़ें

HighLights
- दोस्त हिमांशिका पुलिस जांच में असहयोग कर रही |
- आरोपित पिता 22 अगस्त तक हिरासत में |
- बंदिशों के कारण परिवार में विवाद था |
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की दोस्त हिमांशिका पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहीं। पुलिस उनसे पूछताछ के लिए दो बार चंडीगढ़ जा चुकी है लेकिन वह नहीं मिलीं। यही नहीं अपना बयान दर्ज कराने के लिए गुरुग्राम भी नहीं आ रही हैं।
इधर, शुक्रवार को राधिका की हत्या के आरोपित पिता दीपक यादव को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें फिर 22 अगस्त के लिए न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।
पिछले महीने 10 जुलाई को साइबर सिटी के पाश इलाके सुशांत लोक स्थित अपने दो मंजिला घर में पिता दीपक यादव ने गोली मारकर अपनी बेटी राधिका की हत्या कर दी थी। हत्या करने की बात दीपक यादव ने स्वीकार कर रखी है। हथियार भी बरामद किया जा चुका है। मामले में जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस राधिका की दोस्त हिमांशिका से पूछताछ करना चाहती है।
हत्या के बाद हिमांशिका ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा था कि पिता और भाई की राधिका के ऊपर बंदिशें थीं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस जानना चाहती है कि किस तरह की बंदिशें थीं। कबसे बंदिशों की वजह से परिवार में विवाद चल रहा था। इस वजह से हिमांशिका से पूछताछ करना चाहती है लेकिन वह आगे नहीं आ रहीं।
