गुरुग्राम में सड़कों पर उतरे निगम कर्मचारी, कार्यालय पर दिया धरना; न्यूनतम वेतन सहित रखी ये मांगे
गुरुग्राम में नगर निगम के कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन 27 हजार रुपये करने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और मांगों को पूरा न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने शहर की सड़कों पर नारेबाजी की और निगम कार्यालय पर धरना दिया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन पुराना नगर निगम कार्यालय से शुरू करते हुए अग्रसेन चौक, सेशन हाउस, मोर चौक ,अग्रवाल धर्मशाला चौक से होते हुए पुराना नगर निगम कार्यालय पर इकट्ठे हुए।
प्रदर्शन की अध्यक्षता इकाई प्रधान बसंत कुमार ने की और संचालन सचिव धर्मेंद्र ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ राज्य सचिव सुशीला देवी, संघ के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार, इकाई वरिष्ठु उप प्रधान सम्मी, उप प्रधान ज्ञान चंद, योग पाल, सह सचिव सीमा देवी, कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा, सलाहकार गब्बर सिंह ने कहा कि सरकार कर्मचारियो के साथ लगातार वादाखिलाफी कर रही है जिसके कारण हमे बार-बार धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
संघ ने 29 जून को विभागीय मंत्री विपुल गोयल के आवास पर प्रदर्शन करके ज्ञापन दिया था। उन्होंने एक सप्ताह मे मीटिंग करके सभी मांगो के समाधान का ठोस आश्वासन दिया था, लेकिन एक महीना बीत जाने पर भी मांगो का समाधान नही किया,जिससे ऐसा प्रतीत होता है की मंत्री व सरकार सफाई कर्मचारियो की मांगों व समस्याओ के प्रति गंभीर नही है।
यह हैं कर्मचारियों की मांगे
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार लगातार जनविरोधी आर्थिक उदारीकरण की नीतिया तेजी से लागू कर रही है। जिससे लगातार महंगाई व बेरोजगारी बढ़ रही है। पूंजीपतियों के हक में श्रम कानूनों मे किए गए बदलाव वापस लेने, न्यूनतम वेतन 27 हजार रुपये लागू करने, सभी कच्चे कर्मचारियो को पक्का करने, पालिका, परिषद निगमों में खाली पड़े पदो पर स्थायीभर्ती करके युवाओ को रोजगार देने, पुरानी पेंशन बहाल करने से संबंधित मांगें लंबित पड़ी हैं और कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
धरना देकर करेंगें प्रदर्शन
कर्मचारी 10-11 सितंबर को राज्य के सभी विधायकों को ज्ञापन देगे, 26 सितंबर को जिला हेडक्वार्टर पर प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्तों को ज्ञापन देगे। 18 अक्टूबर को सफाई, कार्यालय व फायर के कर्मचारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। अगर मांगों का समाधान नही हुआ तो राज्य स्तरीय बड़े आंदोलन की घोषणा करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।