Gurugram Crime: महिला से अवैध संबंधों के लिए पति की हत्या कर शव दफनाया, पढ़ें क्या है पूरा मामला
गुरुग्राम में एक विवाहित महिला के अवैध संबंध के चलते उसके पति की हत्या कर दी गई। महिला के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। शव को मोहम्मदपुर झाड़सा गांव में दफनाया गया था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र में शादीशुदा महिला से अवैध संबंधों के लिए पास में ही रहने वाले एक युवक ने साथियों के साथ मिलकर उसके पति का अपहरण कर गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को घर से 15 किलोमीटर दूर मोहम्मदपुर झाड़सा गांव में एवीएल सोसायटी के पीछे दफना दिया। महिला ने पहले गुमशुदगी और फिर शक होने पर पुलिस को युवक के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित को पकड़कर पूछताछ की तो छह दिन पहले की गई हत्या का सच सामने आया। निशानदेही पर उद्योग विहार पुलिस ने शुक्रवार रात कब्र से शव निकाला। मामले में जांच करते हुए युवक का साथ देने वाले दो और आरोपितों को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के छतीहर गांव का रहने वाला 37 वर्षीय व्यक्ति डूंडाहेड़ा गांव में पत्नी और बच्चों के साथ किराये से रह रहा था। वह उद्योग विहार की गारमेंट एक्सपोर्ट कंपनी में ठेकेदार था। 26 जुलाई को वह काम पर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी पत्नी ने उद्योग विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। चार दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस टीम ने काफी जांच पड़ताल की, लेकिन युवक को खोज नहीं पाई। 31 जुलाई को दोबारा व्यक्ति की पत्नी थाने पहुंची और उसने हैरान करने वाली जानकारी दी। उसने बताया कि एक आरोपित युवक उनके कमरे के पास ही रहता है। मार्च 2025 में जब उसके पति कंपनी चले गए थे, तब आरोपित कमरे में घुस आया और दुष्कर्म किया। उसने इसका वीडियो भी बनाया। धमकी दी कि अगर उसने इसके बारे में किसी को बताया तो वह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा और पति को उठवा देगा।
महिला ने आरोपित युवक पर ही पति को उठवाने का शक जताया। इसके बाद थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित युवक को डूंडाहेड़ा से पकड़ लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या का राज भी उगल दिया। पुलिस टीम ने उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया।
साजिश के तहत की हत्या, छह दिन बाद कब्र से निकाला गया शव
रिमांड के दौरान पूछताछ में 34 वर्षीय आरोपित से पता चला कि वह मेरठ के हस्तिनापुर गांव का रहने वाला है। यहां किराए पर गाड़ियां बुकिंग कराने का काम करता है। उसने बताया कि उसके महिला से अवैध संबंध थे। इसके चलते उसने उसके पति को 26 जुलाई की रात नौ बजे कंपनी से वापस आते समय रास्ते से ही गाड़ी में अपहरण कर लिया।
चलती गाड़ी में ही मुख्य आरोपित ने रस्सी से व्यक्ति का गला घोंट दिया। इसमें उसका साथ मेरठ के ही रहने वाले तीन अन्य साथियों ने दिया। आरोपित तीनों को उसी दिन मेरठ से लेकर आया था।इसके बाद आरोपित उसे डूंडाहेड़ा से 15 किलोमीटर दूर सेक्टर 37 थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाड़सा गांव ले गए। यहां एवीएल सोसायटी के पीछे खाली पड़ी जमीन में उसे दफना दिया।
पुलिस टीम ने आरोपित से पूछताछ और निशानदेही पर शुक्रवार रात एवीएल सोसायटी के पीछे खाली जमीन खोदकर व्यक्ति का शव निकाला। यहां सीन आफ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। कब्र से ही गला घोंटने में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद की गई।
सभी आरोपित मेरठ के, तीन पकड़े, एक की तलाश जारी
पुलिस ने हत्या के मामले में जिन दो आरोपितों को शनिवार शाम पकड़ा, ये भी मेरठ के बसतौरा नारंग गांव के रहने वाले हैं। पुलिस टीम इन्हें मेरठ से गिरफ्तार कर गुरुग्राम लेकर आई। एक आरोपित गांव में ही मोमोज की रेहड़ी लगता है तो दूसरा आरोपित बाइक रिपेयरिंग का काम करता है।
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि मुख्य आरोपित इन्हें जानता है और ये उसी के कहने पर गाड़ी में सवार होकर गुरुग्राम आए थे। हत्या के बाद ये दोनों वापस मेरठ चले गए थे। पुलिस अभी एक अन्य आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस प्रवक्ता एएसआइ संदीप कुमार ने बताया कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।