Gurugram Fire: फैक्ट्री से केमिकल और गैस रिसाव से सात लोगों की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
गुरुग्राम के बसई गांव में एक ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में गैस रिसाव होने से सात लोग बीमार हो गए। ग्रामीणों ने फैक्ट्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। फैक्ट्री में ऑटो पार्ट्स बनाने के लिए निकेल का इस्तेमाल होता है जिससे गैस रिसाव हुआ। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश दिए हैं और फैक्ट्री प्रबंधन से जवाब मांगा है। निवासियों ने पहले भी फैक्ट्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बसई गांव में स्थित सूरी आटो पार्ट्स मैन्यूफैक्चरिंग फैक्ट्री में शुक्रवार रात 10 बजे अचानक केमिकल और गैस रिसाव हो गया। इससे आसपास के घरों में रहने वाले सात लोगों की हालत बिगड़ गई।
अस्पताल से सूचना मिलने पर जिला प्रशासन, पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी ने स्थिति को संभाला। दूसरी ओर रात में ही आसपास के लोगों ने फैक्ट्री के विरुद्ध हंगामा किया और ताला लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर ताला खुलवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सूरी आटो पार्ट्स नाम की फैक्ट्री में मैन्यूफैक्चरिंग का काम होता है। यहां आटो पार्ट्स काटने के लिए निकेल नाम के केमिकल का इस्तेमाल होता है। शुक्रवार रात केमिकल या कोई अन्य गैस की दुर्गंध फैल गई।
इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कई लोग घरों से निकलकर 50-60 मीटर दूर चले गए। गैस की चपेट में आने से सांस लेने में दिक्कत, पेट में दर्द, उल्टी और आंखों में जलन की शिकायत की।
सात लोगों सरिता, गीता, खुशी, अन्नू, पूजा, सृष्टि, दृष्टि और देवांश को फौरन नागरिक अस्पताल भेजा गया। इन सभी को इमरजेंसी में इलाज के बाद जब लोगों को राहत मिली तो देर रात छुट्टी दे दी गई।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका, फैक्ट्री प्रबंधन से जवाब तलब
प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि रात में सिविल अस्पताल से जानकारी मिलने पर तुरंत घटनास्थल की पहचान की गई। यहां आपातकालीन स्थिति नहीं थी। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कुछ यांत्रिक कार्यों के दौरान उत्पन्न धुएं और गैस के कारण क्षेत्र में तीव्र दुर्गंध फैल गई।
इससे आसपास के लोग प्रभावित हुए। घटनास्थल पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार ने पहुंचकर जांच की। जांच अधिकारी का कहना है कि यांत्रिक कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन से जवाब-तलब किया गया है। जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
आसपास के लोग एक साल से कर रहे शिकायत
सेक्टर नौ थाने में दी गई शिकायत में बसई गांव निवासी महेश, एडवोकेट निर्मला देवी व अन्य लोगों ने कहा कि यहां रिहायशी क्षेत्र और आसपास में कई फैक्ट्रियां चल रही हैं। जिनसे लोगों को हर समय खतरा रहता है। यहां पर जहरीली गैस और रसायनों का उपयोग और मैन्युफैक्चरिंग कार्य किया जा रहा है।
आबादी के पास चल रही फैक्ट्री की शिकायत जिला प्रशासन से एक साल से की जा रही है। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। केमिकल का उपयोग पिछले कई दिनों से बढ़ गया था, जिससे आसपास के लोगों को लगातार परेशानी हो रही थी।
वहीं बसई इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव बंसल ने कहा कि शिकायतकर्ताओं का काफी समय से फैक्ट्री मालिक से विवाद चल रहा है। इसी कारण इस तरह की शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।