बंद नहीं हुआ फरीदाबाद शहर से कूड़े का पहुंचना, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर बन गया 19 मीटर ऊंचा पहाड़
गुरुग्राम के बंधवाड़ी लैंडफिल में अक्टूबर 2024 के बाद कूड़ा निस्तारण न होने से 19 मीटर ऊंचा कूड़े का पहाड़ फिर बन गया है। वर्तमान में 12 लाख टन से अधिक कूड़ा जमा है जिसे निस्तारित करने में निगम को समय लग रहा है। फरीदाबाद से आ रहे कूड़े के कारण गुरुग्राम की समस्या और बढ़ गई है जिससे निस्तारण की प्रक्रिया बाधित हो रही है।

संदीप रतन, गुरुग्राम। बंधवाड़ी लैंडफिल पर भले ही नगर निगम के अधिकारी बड़े-बड़े दावे कर रहे हों, लेकीन हकीकत यह है कि अक्टूबर 2024 के बाद कूड़ा निस्तारण के लिए कोई खास काम नहीं हुआ।
नतीजन, अब दोबारा यहां पर 19 मीटर ऊंचा (62 फुट से ऊंचा) कूड़े का पहाड़ बन गया है। निगम द्वारा हाल ही में करवाए गए टोपोग्राफी सर्वे (स्थलाकृतिक भूमि सर्वेक्षण) में यह बात सामने आई है।
बंधवाड़ी में पड़ा है 12 लाख टन से ज्यादा कूड़ा
स्थिति यह है कि ऊंचाई ज्यादा होने के कारण कूड़े के ट्रकों को भी इस पर चढ़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। अक्टूबर 2024 में लैंडफिल पर सिर्फ आठ लाख टन पुराना कूड़ा बचा था, लेकिन इसके बाद लगातार कूड़ा डालने और निस्तारण नहीं होने के कारण अब तक लगभग चार से पांच लाख टन कूड़ा और पहुंच चुका है।
फिलहाल 12 लाख टन से ज्यादा कूड़ा बंधवाड़ी में पड़ा है, जिसका निस्तारण छह महीने में करने का दावा निगम अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। बता दें कि पिछले महीने यानी 14 जुलाई को निगम ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग मुख्यालय को बंधवाड़ी में 14 लाख टन कूड़े के निस्तारण के लिए एस्टीमेट भेजा था।
यह फाइल स्वीकृत हाेने के बाद निगम टेंडर प्रकिया शुरू करेगा और दो या तीन एजेंसियों को कूड़ा निस्तारण का काम सौंपेगा। लेकिन पूरी प्रक्रिया में कम से कम दो महीने और लग सकते हैं। इस संबंध में नगर निगम के एक्सईएन संदीप सिहाग का कहना है कि मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कूड़ा निस्तारण का काम एजेंसियों को सौंपा जाएगा।
एनजीटी में हुई थी सुनवाई, फरवरी 2026 तक कूड़ा खत्म करने का दावा
14 अगस्त को एनजीटी यानी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में बंधवाड़ी लैंडफिल केस की सुनवाई थी। इसमें निगम अधिकारियों का दावा है कि फरवरी 2026 तक पुराना कूड़ा खत्म कर लिया जाएगा। कूड़ा खत्म करने को लेकर डेडलाइन पहले भी कई बार डेडलाइन बदल चुकी है।
30 एकड़ में से 25 एकड़ पर कूड़ा
खास बात यह है कि बंधवाड़ी में निगम की कुल 30 एकड़ जमीन है। इसमें 25 एकड़ से ज्यादा जमीन कूड़े के नीचे दबी हुई है। चारकोल प्लांट लगाने के लिए एनटीपीसी को यहां बीस एकड़ जमीन चाहिए, जोकि फिलहाल उपलब्ध नहीं है। एक मार्च 2025 से इसी कारण प्लांट स्थापित करने का काम शुरू नहीं हो सका।
महत्वपूर्ण तथ्य
- 30.43 लाख टन कूड़ा जनवरी 2023 में बंधवाड़ी लैंडफिल पर था।
- 6.06 लाख टन कूड़ा जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 तक बंधवाड़ी में पहुंचा।
- 5.84 लाख टन कूड़ा जनवरी 2024 से 21 नवंबर 2024 तक बंधवाड़ी में पहुंचा।
- 42.33 लाख टन कूड़ा बंधवाड़ी में डाला गया।
- 16.50 लाख टन कूड़े का निस्तारण जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 तक हुआ।
- 17.16 लाख टन कूड़े का निस्तारण जनवरी 2024 से 21 नवंबर 2024 तक हुआ।
- 33.66 लाख टन कुल कूड़ा निस्तारण हुआ।
- 12 लाख टन से ज्यादा कूड़ा अभी बंधवाड़ी लैंडफिल पर पड़ा है।
आफत बना फरीदाबाद का कूड़ा
नगर निगम गुरुग्राम की ओर से कई बार फरीदाबाद नगर निगम को कूड़ा नहीं भेजने को लेकर पत्र लिखा जा चुका है। एक सप्ताह पहले भी कूड़ा रोकने को लेकर बैठक हुई थी, इसके बावजूद फरीदाबाद से प्रतिदिन 900 से एक हजार टन कूड़ा बंधवाड़ी लैंडफिल भेजा जा रहा है।
गुरुग्राम के घरों से प्रतिदिन 1200 टन कूड़ा निकलता है। प्रतिदिन बंधवाड़ी में 2200 टन से ज्यादा कूड़ा पहुंचने और निस्तारण नहीं होने के कारण कूड़ा खत्म नहीं हो रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।